पटना:संविधान और लोकतंत्र के उत्सव 77वें गणतंत्र दिवस पर राजधानी पटना का ऐतिहासिक गांधी मैदान राष्ट्रीय गौरव का साक्षी बना। मुख्य समारोह में बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सहित सरकार के कई वरिष्ठ मंत्री और अधिकारी मौजूद रहे। तिरंगे को सलामी देने के बाद राज्यपाल ने भव्य परेड का निरीक्षण किया और उल्लेखनीय सेवा के लिए चयनित जवानों को सम्मानित किया।
इस वर्ष गणतंत्र दिवस पर गांधी मैदान में 21 टुकड़ियों ने अनुशासित मार्च-पास्ट किया। परेड के बाद राज्यपाल ने विशिष्ट कार्य करने वाले जवानों को पुरस्कार प्रदान किए। समारोह के दौरान बिहार सरकार के 12 विभागों की रंग-बिरंगी और विषयपरक झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं, जिनमें विकास, महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा, ऊर्जा, उद्योग और नशा मुक्ति जैसे संदेश प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किए गए। परिवहन विभाग की झांकी को प्रथम स्थान मिला, जिसकी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी सराहना की।
समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा कि संविधान ने देश के नागरिकों को न्याय, स्वतंत्रता, समानता और गरिमापूर्ण जीवन का अधिकार दिया है, जो आज भी हमारे विकास पथ के मार्गदर्शक हैं। उन्होंने बिहार में कानून-व्यवस्था, महिला सशक्तिकरण, शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में किए गए प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य सरकार समाज के हर वर्ग को आगे बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रही है।
राज्यपाल ने महिलाओं के लिए 50 प्रतिशत आरक्षण, सरकारी नौकरियों में 35 प्रतिशत हिस्सेदारी, पुलिस बल में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी और जीविका जैसे कार्यक्रमों को महिला सशक्तिकरण की बड़ी उपलब्धि बताया। साथ ही शिक्षा के क्षेत्र में बड़े पैमाने पर शिक्षक बहाली और आने वाले वर्षों में युवाओं को रोजगार देने के लक्ष्य की भी चर्चा की।
इधर, सुरक्षा के लिहाज से गांधी मैदान को चार सेक्टरों में बांटकर कड़े इंतजाम किए गए थे। 136 दंडाधिकारी और पुलिस अधिकारी तैनात रहे, जबकि कंट्रोल रूम से सीसीटीवी के जरिए लगातार निगरानी की गई।
गणतंत्र दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री आवास पर ध्वजारोहण कर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी अपने आवास पर तिरंगे को सलामी दी। वहीं, राबड़ी आवास पर राजद सुप्रीमो ने भी राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
पूरे आयोजन के दौरान गांधी मैदान से लेकर राजधानी के विभिन्न हिस्सों तक देशभक्ति, उत्साह और संविधान के प्रति सम्मान का वातावरण बना रहा।