:
Breaking News

तिरंगे के साथ सियासत की तस्वीर, गांधी मैदान में सत्ता का प्रदर्शन तो राजद में दिखा अलग संदेश

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

पटना।
77वें गणतंत्र दिवस पर राजधानी पटना में जहां ऐतिहासिक गांधी मैदान राष्ट्रगान, परेड और झांकियों के बीच राष्ट्रीय उत्सव का केंद्र बना रहा, वहीं राजनीतिक गलियारों में तिरंगे से जुड़ी एक दूसरी ही तस्वीर चर्चा में रही। सत्ता पक्ष की मौजूदगी जहां संगठित और औपचारिक दिखी, वहीं विपक्षी दल राष्ट्रीय जनता दल के कार्यक्रमों में अलग राजनीतिक संकेत नजर आए।
गांधी मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय मुख्य समारोह में राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। मंच पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय चौधरी समेत सरकार के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। ध्वजारोहण के बाद 21 टुकड़ियों की अनुशासित परेड और बिहार सरकार के 12 विभागों की झांकियों ने आयोजन को भव्य स्वरूप दिया। विकास, सामाजिक सरोकार और सांस्कृतिक पहचान को दर्शाती झांकियों ने दर्शकों का ध्यान खींचा।
दूसरी ओर, पटना स्थित राबड़ी आवास और नेता प्रतिपक्ष के सरकारी आवास पर झंडोतोलन की जिम्मेदारी राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने निभाई। पार्टी की परंपरा के अनुसार, गणतंत्र दिवस के मौके पर उन्होंने दोनों परिसरों में तिरंगा फहराया और कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। राजद के कार्यक्रमों में लालू यादव की सक्रिय मौजूदगी साफ तौर पर दिखाई दी।
हालांकि इस पूरे घटनाक्रम में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की सार्वजनिक मंचों से दूरी चर्चा का विषय बनी रही। न तो वे गांधी मैदान के कार्यक्रम में दिखे और न ही उनके आवास पर आयोजित झंडोतोलन में उनकी मौजूदगी नजर आई। पार्टी की ओर से उनकी अनुपस्थिति को लेकर कोई औपचारिक बयान सामने नहीं आया, लेकिन राजनीतिक विश्लेषक इसे अलग-अलग नजरिए से देख रहे हैं।
एक ओर गांधी मैदान में सत्ता पक्ष एकजुट होकर राष्ट्रीय पर्व का संदेश देता दिखा, तो दूसरी ओर विपक्षी खेमे में उभरी यह तस्वीर दिनभर सियासी चर्चाओं में बनी रही। 77वें गणतंत्र दिवस पर तिरंगा जहां एकता और लोकतंत्र का प्रतीक बना, वहीं राजधानी की राजनीति में इससे जुड़ी यह अलग कहानी भी लोगों की नजरों से ओझल नहीं रही।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *