:
Breaking News

77वें गणतंत्र दिवस पर दरभंगा में लोकतंत्र, विकास और जनकल्याण का भव्य प्रदर्शन

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

दरभंगा, 26 जनवरी 2026:
77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन दरभंगा द्वारा नेहरू स्टेडियम (पोलो मैदान) में मुख्य राजकीय समारोह का आयोजन पूरे हर्षोल्लास, अनुशासन और गरिमा के साथ किया गया। समारोह में दरभंगा प्रमंडल के आयुक्त श्री हिमांशु कुमार राय ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए संविधान, लोकतंत्र और विकास के प्रति जिले की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया। ध्वजारोहण के पश्चात परेड कमांडर द्वारा आयुक्त को सलामी दी गई, जिसके बाद संयुक्त रूप से आयुक्त, वरीय पुलिस अधीक्षक और जिलाधिकारी को सशस्त्र बलों द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया गया।
मुख्य समारोह में जिला सशस्त्र पुलिस (पुरुष), जिला सशस्त्र पुलिस (महिला), जिला सशस्त्र पुलिस (प्रशिक्षु सिपाही), एनसीसी बालक एवं बालिका, भारत स्काउट्स एवं गाइड, गृह रक्षा वाहिनी (पुरुष एवं महिला) के कुल कई प्लाटूनों ने भाग लिया। परेड ने अनुशासन, समर्पण और राष्ट्रभक्ति का जीवंत उदाहरण प्रस्तुत किया। इस अवसर पर वरीय पुलिस अधीक्षक श्री जगुनाथ रेड्डी जला रेड्डी, जिलाधिकारी दरभंगा श्री कौशल कुमार, मिथिला क्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक श्री मनोज कुमार तिवारी सहित प्रशासनिक एवं पुलिस विभाग के वरीय अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में माननीय विधायक बेनीपुर श्री विनय कुमार चौधरी, जिला परिषद अध्यक्ष श्रीमती सीता देवी, जिला स्तरीय पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, स्वतंत्रता सेनानियों के परिजन, मीडिया प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित थे।
आयुक्त श्री हिमांशु कुमार राय ने अपने संबोधन में उपस्थित स्वतंत्रता सेनानियों, जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों, नागरिकों और बच्चों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि 26 जनवरी 1950 को लागू हुआ संविधान भारत की लोकतांत्रिक आत्मा है। उन्होंने संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर एवं संविधान निर्माण में योगदान देने वाले सभी महान व्यक्तित्वों को नमन किया। साथ ही राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं स्वतंत्रता संग्राम के उन सभी वीर सपूतों को श्रद्धांजलि अर्पित की, जिनके बलिदान से देश आज़ाद हुआ। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन में मिथिला और दरभंगा की भूमिका ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण रही है।
आयुक्त ने कहा कि भारत आज विश्व का सबसे बड़ा और सशक्त लोकतंत्र है और यह हमारे संविधान की शक्ति का परिणाम है। संविधान की मूल भावना के अनुरूप राज्य सरकार द्वारा जनकल्याण और समग्र विकास के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका प्रत्यक्ष लाभ दरभंगा जिले के लोगों को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की सभी योजनाओं को जिले में शत-प्रतिशत धरातल पर उतारने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने बिहार सरकार के सात निश्चय-3 के अंतर्गत “सबका सम्मान–जीवन आसान” अभियान का उल्लेख करते हुए बताया कि आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए प्रत्येक सप्ताह सोमवार और शुक्रवार को पदाधिकारियों की कार्यालय में अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित की गई है, जिससे आम लोगों को अनावश्यक परेशानी से राहत मिले। स्वास्थ्य क्षेत्र में उपलब्धियों की चर्चा करते हुए उन्होंने बताया कि जिले में नियमित टीकाकरण की उपलब्धि 95 प्रतिशत तक पहुंच चुकी है तथा कुपोषण को समाप्त करने के लिए युद्धस्तर पर अभियान चलाया जा रहा है। आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना एवं मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत 19 लाख से अधिक पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं और डीएमसीएच सहित 50 सरकारी व निजी अस्पतालों में इलाज की सुविधा उपलब्ध है।
कृषि क्षेत्र में “एक जिला–एक उत्पाद” के तहत मखाना उत्पादन को प्राथमिकता दी जा रही है, जिससे किसानों की आय बढ़ाने और जिले की पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत करने का लक्ष्य है। खेती के यांत्रिकीकरण एवं सूक्ष्म सिंचाई पद्धति को बढ़ावा देने के लिए किसानों को 80 प्रतिशत तक अनुदान दिया जा रहा है। शिक्षा के क्षेत्र में 4,617 शिक्षकों की नियुक्ति, स्मार्ट क्लास संचालन, कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों के माध्यम से बालिकाओं की शिक्षा को मजबूती दी जा रही है। स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के अंतर्गत जिले के हजारों छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए करोड़ों रुपये का ऋण उपलब्ध कराया गया है।
आयुक्त ने जीविका योजना के तहत स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने, मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के लाभ, जल-जीवन-हरियाली अभियान के अंतर्गत जलस्रोतों के संरक्षण, सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि बढ़ाए जाने, उद्योग एवं स्वरोजगार योजनाओं, सात निश्चय-3 के अंतर्गत रोजगार सृजन और औद्योगिक विकास की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अगले पांच वर्षों में युवाओं को रोजगार, बिहार को तकनीकी हब के रूप में विकसित करने और बड़े पैमाने पर निवेश आकर्षित करने का लक्ष्य तय किया गया है।
बुनियादी ढांचे के विकास पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने बताया कि सड़कों, बाईपास, बस टर्मिनल, पर्यटन स्थलों के सौंदर्यीकरण, तालाबों के जीर्णोद्धार, एलिवेटेड कॉरिडोर एवं एक्सप्रेसवे कनेक्टिविटी से दरभंगा की तस्वीर बदलने जा रही है। मुख्यमंत्री की प्रगति यात्रा के दौरान घोषित सभी योजनाओं पर तेज गति से कार्य हो रहा है और आने वाले समय में यह जिले के विकास में मील का पत्थर साबित होंगी।
समारोह के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा आकर्षक झांकियां निकाली गईं, जिनमें शिक्षा विभाग को प्रथम, अग्निशमन विभाग को द्वितीय और आईसीडीएस विभाग को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। परेड प्रतियोगिता में सिपाही प्रशिक्षण प्लाटून, गृह रक्षा वाहिनी एवं सशस्त्र पुलिस के जवानों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सम्मान अर्जित किया। इस अवसर पर प्रशासनिक एवं विभागीय स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले पदाधिकारियों और कर्मियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में आयुक्त ने जिलेवासियों से आह्वान किया कि वे शिक्षा, स्वास्थ्य, तकनीक और सामाजिक समरसता के क्षेत्र में मिलकर कार्य करें और समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाने में अपना योगदान दें। कार्यक्रम का मंच संचालन श्री राम बुझावन यादव रामकर द्वारा किया गया।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *