:
Breaking News

पटना के होटल में रिटायर्ड ब्रिटिश अधिकारी की रहस्यमयी मौत, 9 दिनों से बंद पड़े कमरे 103 ने खड़े किए कई सवाल

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

पटना:राजधानी पटना के जक्कनपुर थाना क्षेत्र में स्थित एक निजी होटल से सामने आई रिटायर्ड ब्रिटिश अधिकारी की मौत ने पुलिस और प्रशासन दोनों को उलझन में डाल दिया है। होटल के कमरे नंबर 103 में ठहरे अजय कुमार शर्मा का शव मिलने के बाद यह मामला अब सिर्फ एक मौत नहीं, बल्कि कई अनुत्तरित सवालों का केंद्र बन गया है।
जानकारी के अनुसार, अजय कुमार शर्मा इंग्लैंड में बिजली विभाग में अधिकारी रह चुके थे और सेवानिवृत्ति के बाद भारत आए थे। वे 18 जनवरी से पटना के ग्रैंड शिला होटल में ठहरे हुए थे। लगभग नौ दिनों तक उनकी दिनचर्या सामान्य रही, लेकिन अचानक कमरे से कोई हलचल न होना होटल कर्मियों के लिए शक का कारण बन गया।
आखिरी दिन की गतिविधियां बनीं जांच का आधार
होटल स्टाफ के मुताबिक, घटना से एक दिन पहले अजय कुमार शर्मा शाम के समय बाहर से लौटे थे। उन्होंने खाना मंगाने से इनकार करते हुए सिर्फ फल देने को कहा। बाद में रात के समय वाई-फाई से जुड़ी समस्या को लेकर होटल में फोन किया। इसके बाद उनसे कोई संपर्क नहीं हो सका।
अगली सुबह जब देर तक उनके कमरे से कोई आवाज या गतिविधि नहीं दिखी और कॉल का भी जवाब नहीं मिला, तो होटल कर्मियों को अनहोनी की आशंका हुई। कई बार दरवाजा खटखटाने के बावजूद जब अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई, तो आखिरकार पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस जांच में क्या-क्या मिला?
सूचना मिलते ही जक्कनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा खोलकर जांच की, जहां अजय कुमार शर्मा का शव बरामद हुआ। पुलिस ने होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है और एंट्री-एग्जिट रजिस्टर की भी बारीकी से जांच की जा रही है।
मृतक के सामान से भारतीय मुद्रा के साथ-साथ ब्रिटिश पाउंड भी बरामद हुए हैं। एक सूटकेस में उनके परिजनों से जुड़े दस्तावेज भी मिले, जिसके आधार पर पुलिस ने परिवार को सूचना दी है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस का कहना है कि फिलहाल मौत के कारण स्पष्ट नहीं हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए पीएमसीएच भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि मामला प्राकृतिक मृत्यु का है या इसके पीछे कोई और वजह छिपी है।
फिलहाल, एक विदेशी नागरिक और रिटायर्ड अधिकारी की इस तरह संदिग्ध हालात में मौत ने पटना की सुरक्षा व्यवस्था और होटल प्रबंधन की जिम्मेदारियों पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सबकी नजरें पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की आगे की जांच पर टिकी हैं।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *