:
Breaking News

नींद में घुसा तेजाब, चेहरा झुलसा—मोतिहारी में पारिवारिक रंजिश ने ली एसिड अटैक की खौफनाक शक्ल

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

मोतिहारी (पताही): बिहार के मोतिहारी जिले के पताही थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां घर में मां के साथ सो रही 20 वर्षीय छात्रा पर आधी रात को तेजाब फेंक दिया गया। हमले में युवती का चेहरा बुरी तरह झुलस गया है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पीड़िता कोटवा कॉलेज से बीए पार्ट-3 की पढ़ाई कर रही है।
घटना सोमवार रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है। पीड़िता की मां के अनुसार, वह बेटी के साथ कमरे में सो रही थी, तभी अचानक बेटी की चीख सुनाई दी—“मां, मेरा चेहरा जल रहा है।” कुछ ही पलों में कमरे में अफरातफरी मच गई। युवती के चेहरे से धुआं उठ रहा था और त्वचा झुलस चुकी थी। शोर सुनकर पड़ोसी पहुंचे और घायल छात्रा को आनन-फानन में कोटवा के एक निजी अस्पताल ले जाया गया।
परिजनों और पीड़िता के बयान के आधार पर सामने आया है कि आरोपी युवती का दूर का रिश्तेदार है। परिवार में पहले से ही आपसी विवाद चल रहा था। बताया गया कि आरोपी देर रात घर में घुसा, लाइट जलाई और बिना कुछ कहे सीधे युवती के चेहरे पर एसिड डालकर फरार हो गया। पीड़िता का कहना है कि पहले दोनों के बीच बातचीत होती थी, लेकिन बाद में रिश्तों में तनाव आ गया था।
डर और सामाजिक दबाव के कारण परिजनों ने शुरुआत में पुलिस को सूचना नहीं दी। हालांकि अस्पताल ने युवती की गंभीर हालत को देखते हुए पताही थाना को मामले की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस सक्रिय हुई।
पताही थाना प्रभारी बबन कुमार ने बताया कि अस्पताल की रिपोर्ट के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। एसिड अटैक जैसे गंभीर अपराध को देखते हुए विशेष टीम बनाई गई है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि आरोपी जल्द ही कानून की गिरफ्त में होगा।
डॉक्टरों के अनुसार युवती का चेहरा 40 प्रतिशत से अधिक झुलस चुका है और आगे चलकर प्लास्टिक सर्जरी की जरूरत पड़ेगी, जिसका खर्च काफी अधिक होगा। परिवार ने इलाज के लिए आर्थिक मदद की अपील की है।
घटना ने एक बार फिर ग्रामीण इलाकों में महिलाओं की सुरक्षा और एसिड की खुलेआम उपलब्धता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों और सामाजिक कार्यकर्ताओं का कहना है कि कानून सख्त है, लेकिन जागरूकता और त्वरित कार्रवाई की कमी ऐसे अपराधों को बढ़ावा देती है। पीड़ित परिवार को अब सिर्फ एक ही उम्मीद है—न्याय।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *