:
Breaking News

सरकारी स्कूल बना मंच, शिक्षा की मर्यादा पर सवाल: बारात स्वागत में आर्केस्ट्रा डांस का वीडियो वायरल

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

गया (टनकुप्पा): गया जिले के टनकुप्पा प्रखंड से शिक्षा व्यवस्था की गरिमा पर सवाल खड़ा करने वाला मामला सामने आया है। मध्य विद्यालय भूदान परिसर में रविवार रात शादी समारोह के दौरान आयोजित आर्केस्ट्रा कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में दिख रहे दृश्य को लेकर लोग हैरान भी हैं और नाराज़ भी।
बताया जा रहा है कि गांव में आई बारात को ठहराने के लिए पंचायत स्तर के सरकारी स्कूल का उपयोग किया गया था। स्वागत कार्यक्रम के नाम पर स्कूल परिसर में आर्केस्ट्रा का आयोजन हुआ, जिसमें बाहरी कलाकारों ने देर रात तक प्रस्तुति दी। विद्यालय परिसर में स्थित सरस्वती मंदिर के आसपास भी यह कार्यक्रम चलता रहा, जिसे लेकर स्थानीय लोगों में असंतोष देखा जा रहा है।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में साफ दिखता है कि आयोजन के दौरान शैक्षणिक संस्थान की मर्यादा और नियमों का कोई ख्याल नहीं रखा गया। जिस स्थान को बच्चों की पढ़ाई, अनुशासन और संस्कार से जोड़ा जाता है, वहां इस तरह का कार्यक्रम होने से लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर जिम्मेदारी किसकी थी।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि गांवों में बारात को स्कूल में ठहराने की परंपरा पुरानी है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि स्कूल को मनोरंजन या अशोभनीय गतिविधियों का केंद्र बना दिया जाए। उनका मानना है कि इससे बच्चों और समाज पर गलत संदेश जाता है।
मामले पर गया जिला शिक्षा पदाधिकारी कृष्ण मुरारी गुप्ता ने कहा कि उन्हें फिलहाल इस घटना की प्रत्यक्ष जानकारी नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया के माध्यम से सामने आई सूचना के आधार पर पूरे मामले की जांच कराई जाएगी और यदि नियमों का उल्लंघन पाया गया तो जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई होगी।
फिलहाल यह वीडियो प्रशासन और शिक्षा विभाग दोनों के लिए चेतावनी बन गया है—कि सरकारी स्कूलों के उपयोग को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश और सख्ती जरूरी है, ताकि शिक्षा के मंदिर की गरिमा किसी भी हाल में प्रभावित न हो।
हालांकि, वायरल वीडियो की वास्तविकता की पुष्टि alamkikhabar.com द्वारा नहीं की गई है।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *