:
Breaking News

फार्मर रजिस्ट्री को लेकर जिला प्रशासन सख्त, कैंप मोड में काम पूरा करने का डीएम का निर्देश

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

लखीसराय, 27 जनवरी 2026।
जिले में फार्मर रजिस्ट्री कार्यक्रम को प्रभावी ढंग से लागू करने और इसकी प्रगति तेज करने को लेकर जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र की अध्यक्षता में मंगलवार को प्रशिक्षण सह समीक्षा बैठक आयोजित की गई। यह बैठक जिला परिषद सभागार में बड़हिया एवं पिपरिया प्रखंड से जुड़े संबंधित पदाधिकारियों और कर्मियों के साथ संपन्न हुई। बैठक का मुख्य उद्देश्य फार्मर रजिस्ट्री कार्य की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करना और इसे पारदर्शी, सुचारू तथा समयबद्ध तरीके से पूरा कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश देना था।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि फार्मर रजिस्ट्री का कार्य कैंप मोड में विशेष अभियान चलाकर पूरा किया जाए, ताकि कोई भी पात्र किसान इस महत्वपूर्ण योजना से वंचित न रह जाए। उन्होंने सभी संबंधित कर्मियों को निर्देश दिया कि वे फील्ड में सक्रिय रूप से उतरें, गांव-गांव जाकर किसानों से सीधा संवाद स्थापित करें और उन्हें फार्मर रजिस्ट्री की उपयोगिता व लाभ के बारे में विस्तार से जानकारी दें।
डीएम ने कहा कि जिले में अब भी बड़ी संख्या में ऐसे किसान हैं, जिनकी जमीन जमाबंदी में पूर्वजों के नाम से दर्ज है। इस स्थिति के कारण किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि सहित कई कृषि आधारित सरकारी योजनाओं का लाभ मिलने में परेशानी हो रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसानों को यह स्पष्ट रूप से बताया जाए कि समय रहते अपने नाम से जमाबंदी में सुधार कराना बेहद आवश्यक है, अन्यथा वे सरकारी योजनाओं से वंचित हो सकते हैं।
जिला पदाधिकारी ने यह भी कहा कि फार्मर रजिस्ट्री कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने गांव स्तर पर कैंप आयोजित कर आवेदन प्राप्त करने, ऑन-द-स्पॉट रजिस्ट्रेशन की सुविधा उपलब्ध कराने और तय समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने सभी पदाधिकारियों और कर्मियों से आपसी समन्वय और टीम भावना के साथ काम करने पर जोर दिया, ताकि जिले के अधिक से अधिक किसान इस योजना से लाभान्वित हो सकें।
बैठक के दौरान फार्मर रजिस्ट्री से जुड़े तकनीकी पहलुओं, सामने आ रही समस्याओं और उनके व्यावहारिक समाधान पर भी विस्तार से चर्चा की गई। जिला पदाधिकारी ने कहा कि समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आए।
इस समीक्षा बैठक में अपर समाहर्ता नीरज कुमार, जिला कृषि पदाधिकारी कुंदन कुमार, जिला पंचायती राज पदाधिकारी पम्मी रानी सहित संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, राजस्व अधिकारी तथा फार्मर रजिस्ट्री कार्य से जुड़े अन्य पदाधिकारी और कर्मी उपस्थित रहे।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *