समस्तीपुर।29 जनवरी को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के समस्तीपुर आगमन को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस महकमा पूरी तरह अलर्ट मोड में आ चुका है। समृद्धि यात्रा के दूसरे चरण में होने वाले इस दौरे को प्रशासन केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जिले की कानून-व्यवस्था, विकास और प्रशासनिक दक्षता की बड़ी परीक्षा मान रहा है। यही कारण है कि विकास योजनाओं के साथ-साथ सुरक्षा और प्रबंधन की भी विस्तृत रणनीति तैयार की गई है।
तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था, हर मूवमेंट पर नजर
मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए जिले में तीन स्तरीय सुरक्षा घेरा बनाया गया है। हेलीपैड से लेकर सभा स्थल, समीक्षा स्थल और सड़क मार्ग तक विशेष सुरक्षा बलों की तैनाती की जा रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, सादे लिबास में जवानों की तैनाती के साथ-साथ सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों से पूरे इलाके की निगरानी की जाएगी। हाउसिंग बोर्ड मैदान और आसपास के क्षेत्रों में अलग से कंट्रोल रूम स्थापित किया जा रहा है, जहां से पल-पल की गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी।
हाउसिंग बोर्ड मैदान पूरी तरह सील ज़ोन
जितवारपुर स्थित हाउसिंग बोर्ड मैदान को कार्यक्रम से एक दिन पहले ही नियंत्रित क्षेत्र (कंट्रोल्ड ज़ोन) में तब्दील कर दिया जाएगा। यहां दो हेलीपैड, सभा मंच और समीक्षा स्थल के साथ बैरिकेडिंग, प्रवेश-निकास के अलग रास्ते और वाहन पार्किंग की स्पष्ट व्यवस्था की गई है। बिना पास या निर्धारित पहचान के किसी को भी मुख्य परिसर में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
827 करोड़ की योजनाएं,प्रशासनिक मशीनरी पूरी तरह सक्रिय
समृद्धि यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री जिले को 827 करोड़ रुपये की योजनाओं की सौगात देंगे। इसमें शिलान्यास, उद्घाटन और कार्यारंभ—तीनों शामिल हैं। प्रशासनिक स्तर पर सभी विभागों को अलग-अलग जिम्मेदारी सौंपी गई है ताकि कार्यक्रम में किसी तरह की अव्यवस्था न हो। हर विभाग से प्रगति रिपोर्ट पहले ही तलब कर ली गई है।
महिला सुरक्षा और शिक्षा को मिलेगा ठोस आधार
इस दौरे की अहम उपलब्धियों में रोसड़ा में 480 सीटों वाले आंबेडकर आवासीय प्लस टू विद्यालय का शिलान्यास और 13 प्रखंड सह अंचल कार्यालयों व थानों में महिला बैरक निर्माण शामिल है। प्रशासन इसे महिला सशक्तिकरण और सुरक्षा ढांचे को मजबूत करने की दिशा में निर्णायक कदम मान रहा है।
इंजीनियरिंग कॉलेज से जनसंवाद तक सटीक टाइम मैनेजमेंट
मुख्यमंत्री का कार्यक्रम मिनट-टू-मिनट तय किया गया है। सुबह करीब 10:25 बजे नरघोड़ी हेलीपैड पर उतरने के बाद वे इंजीनियरिंग कॉलेज पहुंचेंगे, जहां नवनिर्मित भवन का उद्घाटन, नवाचार स्टॉलों का निरीक्षण और छात्रों से संवाद करेंगे। इसके बाद विकास योजनाओं का शिलापट अनावरण और जनसंवाद कार्यक्रम होगा।
पुरानी घोषणाओं की होगी सख्त समीक्षा
सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री इस दौरे में केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं रहेंगे। पिछली प्रगति यात्रा में किए गए ऐलानों पर वास्तविक प्रगति की समीक्षा होगी। जिन योजनाओं में देरी या शिथिलता पाई जाएगी, उस पर अधिकारियों से सीधे जवाब लिया जा सकता है।
करीब दो घंटे के प्रवास के बाद मुख्यमंत्री दोपहर 12:35 बजे पटना के लिए रवाना होंगे। जिला प्रशासन का मानना है कि यह दौरा समस्तीपुर के लिए केवल विकास योजनाओं का शिलान्यास नहीं, बल्कि प्रशासनिक जवाबदेही और सुशासन की दिशा में भी अहम संदेश देगा।