:
Breaking News

बिहार की अदालतें हाई अलर्ट पर, बम धमकियों से हड़कंप; समस्तीपुर समेत कई जिलों में सघन तलाशी

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

पटना/समस्तीपुर:बिहार में एक के बाद एक सिविल कोर्ट परिसरों को बम से उड़ाने की धमकियों ने पूरे न्यायिक और प्रशासनिक तंत्र को सतर्क कर दिया है। बेगूसराय, मुजफ्फरपुर, सिवान और समस्तीपुर सहित कई जिलों के सिविल कोर्ट को निशाना बनाने की धमकी मिलने के बाद पुलिस, प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट मोड में आ गई हैं। एहतियातन कई स्थानों पर कोर्ट परिसर खाली कराए गए और व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया।

बेगूसराय: ई-मेल से फैली अफरा-तफरी

बेगूसराय में जिला जज ऋषिकांत के सरकारी ई-मेल पर धमकी भरा संदेश मिलने के बाद व्यवहार न्यायालय परिसर में हड़कंप मच गया। संदेश में एक निश्चित समय का उल्लेख करते हुए विस्फोट की चेतावनी दी गई थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सभी न्यायिक पदाधिकारियों, अधिवक्ताओं और कर्मचारियों को तुरंत कोर्ट परिसर से बाहर निकाल लिया गया। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचे और भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर बम निरोधक दस्ते के साथ तलाशी शुरू कर दी गई।

मुजफ्फरपुर और सिवान में भी कड़ी सुरक्षा

मुजफ्फरपुर सिविल कोर्ट को लेकर धमकी मिलने के बाद प्रशासन ने पूरे परिसर को खाली कराया। वरीय अधिकारियों की मौजूदगी में बम स्क्वायड और डॉग स्क्वायड ने एक-एक कक्ष की जांच की। वहीं सिवान में कोर्ट को उड़ाने की धमकी सामने आने के बाद कोर्ट परिसर में प्रवेश पर अस्थायी रोक लगाई गई और सुरक्षा व्यवस्था कई गुना बढ़ा दी गई। फिलहाल किसी संदिग्ध वस्तु की पुष्टि नहीं हुई है।

समस्तीपुर में एहतियाती कार्रवाई, DM-SP खुद पहुंचे

समस्तीपुर में सिविल कोर्ट को लेकर धमकी की सूचना के बाद जिला प्रशासन ने बिना देर किए सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक स्वयं कोर्ट परिसर पहुंचे और सुरक्षा बलों के साथ निरीक्षण किया। कोर्ट परिसर के चप्पे-चप्पे की तलाशी ली गई और आने-जाने वालों की जांच तेज कर दी गई। हालांकि यहां किसी संदिग्ध वस्तु की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन एहतियात के तौर पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।

डर फैलाने की कोशिश, दावों की पुष्टि नहीं

धमकी भरे ई-मेल में कोर्ट परिसरों को नुकसान पहुंचाने और जजों को चेतावनी देने जैसी बातें लिखी गई थीं। पत्र में कुछ राजनीतिक आरोप और बाहरी संगठनों का उल्लेख कर भय का माहौल बनाने की कोशिश की गई। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि इन दावों की फिलहाल कोई पुष्टि नहीं हुई है।

साइबर सेल कर रही तकनीकी जांच

पूरे मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर सेल को जांच में लगाया गया है। धमकी भरे ई-मेल की आईपी ट्रेसिंग और तकनीकी विश्लेषण किया जा रहा है। सभी प्रभावित जिलों के कोर्ट परिसरों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। प्रशासन ने आम लोगों, अधिवक्ताओं और कर्मचारियों से अफवाहों से दूर रहने और सहयोग बनाए रखने की अपील की है।
अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है, लेकिन किसी भी संभावित खतरे को देखते हुए सुरक्षा में कोई ढील नहीं दी जा रही है। जांच पूरी होने के बाद दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *