समस्तीपुर आज मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा का केंद्र बनने जा रहा है। मिथिलांचल में विकास की रफ्तार को नई दिशा देने के उद्देश्य से चल रही इस यात्रा के दूसरे चरण का आज समापन होगा। अंतिम पड़ाव के रूप में मुख्यमंत्री समस्तीपुर को 827 करोड़ रुपये की बहुप्रतीक्षित विकास योजनाओं की सौगात देंगे, जिससे जिले के शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
समस्तीपुर के लिए यह दौरा इसलिए भी अहम माना जा रहा है क्योंकि यहां एक साथ 188 विकास योजनाओं को आगे बढ़ाया जा रहा है। इनमें नई परियोजनाओं का शिलान्यास, तैयार योजनाओं का उद्घाटन और कई कार्यों की औपचारिक शुरुआत शामिल है। सरकार का फोकस खास तौर पर सड़क, पुल, भवन और ग्रामीण आधारभूत संरचना पर है, ताकि विकास का लाभ सीधे आम लोगों तक पहुंच सके।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की शुरुआत सरायरंजन स्थित इंजीनियरिंग कॉलेज से होगी, जहां वे नवाचार से जुड़ी गतिविधियों का अवलोकन करेंगे। इसके बाद विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल का निरीक्षण कर योजनाओं की प्रगति की जानकारी लेंगे। हाउसिंग बोर्ड मैदान में होने वाली समीक्षा बैठक में विकास कार्यों की स्थिति पर चर्चा होगी, वहीं जनसंवाद के दौरान मुख्यमंत्री आम लोगों की समस्याएं और सुझाव भी सुनेंगे। जीविका दीदियों से संवाद कार्यक्रम का खास आकर्षण रहेगा।
इस मौके पर राज्य के दोनों उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा भी मौजूद रहेंगे। समस्तीपुर, मुख्यमंत्री के करीबी सहयोगी विजय कुमार चौधरी का गृह जिला होने के कारण प्रशासनिक और राजनीतिक दृष्टि से इस दौरे को विशेष महत्व दिया जा रहा है। वरिष्ठ अधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल होकर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर देंगे।
अब तक समृद्धि यात्रा के तहत मुख्यमंत्री 11 जिलों का दौरा कर चुके हैं और समस्तीपुर के साथ यह संख्या 12 हो जाएगी। हर जिले में विकास कार्यों की समीक्षा, योजनाओं का शिलान्यास और जनता से सीधा संवाद इस यात्रा की पहचान बन चुका है। सरकार का दावा है कि इससे योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और गति दोनों आई हैं।
समस्तीपुर दौरे के बाद मुख्यमंत्री पटना लौटकर मुख्यमंत्री सचिवालय ‘संवाद’ में कैबिनेट बैठक करेंगे। जनवरी माह की यह दूसरी बैठक मानी जा रही है, जिसमें रोजगार और प्रशासनिक फैसलों को लेकर अहम निर्णय हो सकते हैं। वहीं 2 फरवरी से शुरू होने वाले विधानसभा के बजट सत्र के कारण समृद्धि यात्रा का अगला चरण कुछ समय के लिए स्थगित हो सकता है। संकेत हैं कि सत्र के बाद नया कार्यक्रम जारी कर यात्रा को अप्रैल तक आगे बढ़ाया जाएगा।