:
Breaking News

समृद्धि यात्रा के बीच नीतीश सरकार का बड़ा प्रशासनिक कदम, आज होगी कैबिनेट की अहम बैठक

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

समृद्धि यात्रा के दूसरे चरण के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एक बार फिर प्रशासनिक सक्रियता बढ़ाते हुए कैबिनेट की अहम बैठक बुला ली है। विकास यात्रा के बीच बुलाई गई यह बैठक इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि इसमें सरकार कई बड़े और दूरगामी फैसलों पर मुहर लगा सकती है।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में यह कैबिनेट बैठक गुरुवार, 29 जनवरी को मुख्य सचिवालय स्थित मंत्रिमंडल कक्ष में शाम 4:30 बजे से होगी। बैठक में मुख्यमंत्री के साथ दोनों उपमुख्यमंत्री, वरिष्ठ मंत्री और संबंधित विभागों के प्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। माना जा रहा है कि विभिन्न विभागों से जुड़े कई प्रस्ताव एजेंडे में शामिल हैं, जिन पर निर्णय लिए जा सकते हैं।
सरकार की हालिया बैठकों के फैसले इस बात के संकेत देते हैं कि नीतीश कैबिनेट विकास और प्रशासनिक सुधारों को लेकर आक्रामक रुख में है। 13 जनवरी को हुई पिछली कैबिनेट बैठक में कुल 41 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई थी। उस बैठक में कृषि विभाग के तहत 694 नए पदों के सृजन और पुनर्गठन को हरी झंडी दी गई थी, जिससे विभागीय कामकाज को मजबूती मिलने की उम्मीद जताई गई थी।
इसी बैठक में मुंबई में बिहार भवन के निर्माण के लिए 314 करोड़ रुपये से अधिक की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई थी, जिसे राज्य के बाहर रहने वाले बिहारवासियों के लिए बड़ी सुविधा के रूप में देखा गया। शिक्षा विभाग में भी जन शिक्षा निदेशालय के लिए नए पदों के सृजन को मंजूरी मिली थी।
इसके अलावा, विधानमंडल से जुड़े वरिष्ठ सदस्यों के लिए अतिरिक्त आवास की व्यवस्था और बिहार–झारखंड के बीच बाणसागर समझौते के तहत जल बंटवारे पर सहमति जैसे अहम फैसले भी लिए गए थे। इस समझौते में बिहार को 5.75 मिलियन एकड़ फीट और झारखंड को 2.00 मिलियन एकड़ फीट पानी देने की मंजूरी दी गई थी।
अब समृद्धि यात्रा के बीच बुलाई गई नई कैबिनेट बैठक से यह संकेत मिल रहा है कि सरकार विकास योजनाओं, प्रशासनिक ढांचे और संसाधनों के बंटवारे से जुड़े मुद्दों पर लगातार फैसले लेने के मूड में है। इस बैठक से जुड़े निर्णयों पर न सिर्फ प्रशासन, बल्कि राजनीतिक हलकों की भी नजर टिकी हुई है।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *