:
Breaking News

समस्तीपुर में समृद्धि यात्रा के दौरान विकास की झड़ी, 827 करोड़ की 188 योजनाओं को मिली रफ्तार

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

पटना/समस्तीपुर: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने समृद्धि यात्रा के क्रम में गुरुवार को समस्तीपुर जिले का दौरा कर विकास योजनाओं की लंबी श्रृंखला को आगे बढ़ाया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने जिले को कुल 827 करोड़ रुपये की 188 योजनाओं की सौगात दी, जिनमें उद्घाटन, शिलान्यास और कार्यारंभ शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने न सिर्फ योजनाओं की औपचारिक शुरुआत की, बल्कि मौके पर पहुंचकर उनकी जमीनी स्थिति का भी जायजा लिया और अधिकारियों को तय समय में कार्य पूरा करने के सख्त निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री का कार्यक्रम सरायरंजन स्थित राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय से शुरू हुआ, जहां उन्होंने संस्थान के बुनियादी ढांचे और शैक्षणिक सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने परिसर में नवनिर्मित एमेनिटी भवन का उद्घाटन किया और जलपानगृह सह व्यायामशाला की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री स्मार्ट क्लासरूम, प्रोजेक्ट लैब, नेटवर्क लैब और भाषा प्रयोगशाला पहुंचे, जहां उन्होंने छात्र-छात्राओं और शिक्षकों से सीधे संवाद किया। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से आधुनिक तकनीक और ज्ञान को आत्मसात कर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
भाषा प्रयोगशाला में छात्रों द्वारा फ्रेंच और अंग्रेजी में किए गए स्वागत ने मुख्यमंत्री का ध्यान खींचा। उन्होंने शिक्षकों की सराहना करते हुए कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही भविष्य की सबसे बड़ी पूंजी है। कॉलेज परिसर में मौजूद छात्रों ने भी मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने रिमोट के माध्यम से जिले की 188 विकास योजनाओं का शिलापट्ट अनावरण किया। इनमें 470 करोड़ रुपये की 71 योजनाओं का शिलान्यास, 273 करोड़ रुपये की 74 योजनाओं का उद्घाटन और 84 करोड़ रुपये की 43 योजनाओं का कार्यारंभ शामिल है। इन योजनाओं का उद्देश्य सड़क, पुल, शिक्षा, आधारभूत संरचना और सामाजिक विकास को गति देना है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने स्थानीय स्टार्टअप, इनोवेशन स्टॉल और विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का भी निरीक्षण किया। जीविका दीदियों द्वारा तैयार उत्पादों को देखकर उन्होंने उनकी सराहना की। दीदियों ने बताया कि मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत मिली सहायता से उन्होंने स्वरोजगार शुरू किया है। मुख्यमंत्री ने 23 हजार 472 स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी जीविका दीदियों को 437 करोड़ रुपये का सांकेतिक चेक भी प्रदान किया।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने सामाजिक पुनर्वास योजना, अंतर्जातीय विवाह प्रोत्साहन अनुदान और मुख्यमंत्री निःशक्त जन विवाह प्रोत्साहन अनुदान योजना के लाभार्थियों को सहायता राशि सौंपी। मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना के लाभार्थियों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बुजुर्गों के सम्मान और सुविधा के लिए लगातार काम कर रही है।
कृषि और उद्योग के क्षेत्र में हो रहे नवाचारों की भी मुख्यमंत्री ने जानकारी ली। बॉरलॉग इंस्टीट्यूट फॉर साउथ एशिया द्वारा प्रदर्शित नई कृषि तकनीकों और मल्टीपल क्रॉप फार्मिंग मॉडल का उन्होंने अवलोकन किया। मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के लाभार्थियों से बातचीत के दौरान उन्होंने स्थानीय उत्पादों को बाजार से जोड़ने पर जोर दिया।
दौरे के अंतिम चरण में मुख्यमंत्री ने हकीमाबाद प्रखंड में निर्माणाधीन आरसीसी पुल-सह बाइपास सड़क का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने उन्हें प्रगति यात्रा के दौरान घोषित विभिन्न योजनाओं की अद्यतन स्थिति से अवगत कराया। इनमें मुक्तापुर-मोईन पर्यटन विकास, मुक्तापुर रेलवे क्रॉसिंग पर आरओबी निर्माण, एनएच-322 और एसएच-88 से जुड़े सड़क व पुल निर्माण कार्य, रोसड़ा बाइपास, शिवाजीनगर में पुल निर्माण और नदियों की गाद उड़ाही जैसी योजनाएं शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने सभी कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने का निर्देश दिया।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक विनय कुमार, विज्ञान एवं तकनीकी शिक्षा विभाग की सचिव डॉ. प्रतिमा, मुख्यमंत्री के सचिव, समस्तीपुर के जिलाधिकारी रौशन कुशवाहा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
समृद्धि यात्रा के तहत मुख्यमंत्री का यह दौरा समस्तीपुर के लिए विकास की नई गति लेकर आया है, लेकिन अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि घोषित योजनाएं जमीन पर कितनी तेजी और पारदर्शिता के साथ उतरती हैं।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *