:
Breaking News

समस्तीपुर सदर अस्पताल में नया प्रशासनिक बदलाव: डा. निर्मल कुमार को अतिरिक्त जिम्मेदारी

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

पटना/समस्तीपुर:
बिहार सरकार के स्वास्थ्य विभाग ने प्रशासनिक आवश्यकता और कार्यहित को ध्यान में रखते हुए चिकित्सा सेवा संवर्ग के दो अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार सौंपने का आदेश जारी किया है। यह व्यवस्था बिहार कोषागार संहिता 2011 के नियम-84 के तहत की गई है, जो अगले आदेश तक प्रभावी रहेगी।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार समस्तीपुर में पदस्थापित चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. निर्मल कुमार चौधरी को सदर अस्पताल, समस्तीपुर का अधीक्षक नियुक्त किया गया है। वे अपने वर्तमान वेतनमान में रहते हुए इस अतिरिक्त दायित्व का निर्वहन करेंगे। डॉ. चौधरी वर्तमान में असैनिक शल्य चिकित्सक-सह-मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी के पद पर कार्यरत हैं।
इसी क्रम में गया जिले के प्रभावती अस्पताल में कार्यरत चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुषमा वर्मा को भी अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्हें प्रभावती अस्पताल, गया की अधीक्षक की जिम्मेदारी दी गई है, जिसमें वित्तीय शक्तियाँ भी शामिल होंगी।
स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि इस आदेश से संबंधित पूर्व में जारी आदेश, यदि कोई हों, तो वे इस सीमा तक संशोधित माने जाएंगे। साथ ही यह भी कहा गया है कि जैसे ही नियमित पदस्थापन किया जाएगा, यह अस्थायी व्यवस्था स्वतः समाप्त हो जाएगी।
आदेश में यह भी उल्लेख किया गया है कि प्रस्ताव को सक्षम प्राधिकार की स्वीकृति प्राप्त है। विभागीय प्रक्रिया के तहत आदेश की प्रतिलिपि महालेखाकार, वित्त विभाग, राज्य स्वास्थ्य समिति, बिहार स्वास्थ्य सुरक्षा समिति, संबंधित जिलाधिकारी, प्रमंडलीय आयुक्त, कोषागार पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारियों को सूचनार्थ एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए भेज दी गई है।
स्वास्थ्य विभाग ने आईटी मैनेजर को निर्देश दिया है कि इस आदेश को विभागीय वेबसाइट पर भी अपलोड किया जाए, ताकि यह सार्वजनिक रूप से उपलब्ध रहे। माना जा रहा है कि इस प्रशासनिक व्यवस्था से संबंधित अस्पतालों में प्रबंधन एवं स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन में गति आएगी।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *