पटना मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (पीएमसीएच) में लंबे समय से चल रही अटकलों पर आखिरकार विराम लग गया है। बिहार सरकार ने बड़ा प्रशासनिक फैसला लेते हुए डॉ. राजीव कुमार सिंह को पीएमसीएच का नया अधीक्षक नियुक्त कर दिया है। वे 31 जनवरी को औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण करेंगे। वर्तमान में डॉ. राजीव पीएमसीएच के फिजियोलॉजी विभाग में प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष हैं और चिकित्सा जगत में उनकी पहचान एक ईमानदार, बेदाग और अनुशासित चिकित्सक के रूप में रही है।
यह नियुक्ति महज पद परिवर्तन नहीं मानी जा रही, बल्कि इसके जरिए सरकार ने एक स्पष्ट संकेत भी दे दिया है। दो बार विस्तार पाकर अधीक्षक पद पर बने रहे डॉ. आई.एस. ठाकुर को इस बार आगे नहीं बढ़ाया गया। बीते कुछ समय से डॉ. ठाकुर का नाम विवादों से जुड़ता रहा था और सरकार अब पीएमसीएच जैसे प्रतिष्ठित संस्थान की छवि पर कोई दाग नहीं चाहती थी। ऐसे में साफ-सुथरी छवि वाले अधिकारी को कमान सौंपना एक सोची-समझी रणनीति मानी जा रही है।
डॉ. राजीव कुमार सिंह का पारिवारिक और सामाजिक पृष्ठभूमि भी चर्चा में है। वे बेगूसराय जिले से ताल्लुक रखते हैं। उनके पिता स्वर्गीय बंगाली सिंह नौबतपुर स्थित मालतीधारी कॉलेज के प्राचार्य रहे। परिवार में प्रशासनिक और सार्वजनिक सेवा की मजबूत परंपरा रही है। बड़े भाई डॉ. रंजन कुमार सिंह गया में सिविल सर्जन पद से सेवानिवृत्त हुए, जबकि छोटे भाई राकेश सिन्हा भाजपा से राज्यसभा सांसद रह चुके हैं। इस वजह से कुछ राजनीतिक हलकों में इस नियुक्ति को प्रशासन और राजनीति के संतुलन के तौर पर भी देखा जा रहा है।
शैक्षणिक और पेशेवर सफर की बात करें तो डॉ. राजीव की जड़ें बिहार की शैक्षणिक व्यवस्था से गहराई से जुड़ी रही हैं। शुरुआती पढ़ाई नौबतपुर में हुई, एमबीबीएस भागलपुर मेडिकल कॉलेज से किया और फिर पीएमसीएच से पोस्ट ग्रेजुएशन पूरा किया। वर्ष 2010 में उन्होंने पीएमसीएच में सेवा शुरू की और बीते डेढ़ दशक में एक प्रतिबद्ध शिक्षक, कुशल प्रशासक और संवेदनशील चिकित्सक के रूप में अपनी पहचान बनाई।
गौरतलब है कि पीएमसीएच को 5400 बेड वाले मेगा अस्पताल के रूप में विकसित किया जा चुका है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की मंशा इसे केवल बिहार ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की है। इसके लिए अत्याधुनिक भवन के साथ-साथ डॉक्टरों, नर्सों और स्वास्थ्यकर्मियों के रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया भी तेज की जा रही है।
ऐसे दौर में डॉ. राजीव कुमार सिंह को अधीक्षक बनाकर सरकार ने यह संदेश साफ कर दिया है कि पीएमसीएच में अब प्राथमिकता मरीज, इलाज और व्यवस्था होगी। प्रशासनिक पारदर्शिता, अनुशासन और जवाबदेही के साथ अस्पताल को नई दिशा देने की जिम्मेदारी अब उनके कंधों पर है।