लखीसराय | 30 जनवरी 2026
दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर और सम्मानजनक जीवन देने की दिशा में लखीसराय जिला प्रशासन ने एक सराहनीय पहल की है। शुक्रवार को समाहरणालय स्थित गांधी मैदान के खेल भवन में विशेष कृत्रिम अंग (हाथ/पैर) मापन एवं वितरण शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद दिव्यांगजनों को निःशुल्क कृत्रिम अंग उपलब्ध कराकर उनके पुनर्वास और सशक्तिकरण को बढ़ावा देना रहा।
शिविर का निरीक्षण मुंगेर लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री राजीव रंजन कुमार उर्फ ललन सिंह ने किया। इस दौरान उन्होंने जिला प्रशासन की पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन दिव्यांगजनों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि कृत्रिम अंग मिलने से दिव्यांग युवक-युवतियां न केवल अपने दैनिक कार्य सुचारू रूप से कर सकेंगे, बल्कि आत्मविश्वास के साथ आजीविका के साधनों को भी अपना सकेंगे।
जिला पदाधिकारी श्री मिथिलेश मिश्र ने अपने संबोधन में कहा कि दिव्यांगजन समाज का अभिन्न अंग हैं और उनके कल्याण, पुनर्वास तथा सशक्तिकरण के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि संबंधित संस्था द्वारा पटना में निःशुल्क कृत्रिम अंगों का निर्माण एवं फिटिंग की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। जिन दिव्यांगजनों को हाथ या पैर की कमी के कारण कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है, वे इस सेवा का लाभ उठाकर अपने जीवन को अधिक सहज बना सकते हैं।
शिविर के दौरान विशेषज्ञ तकनीकी एवं मेडिकल टीम द्वारा दिव्यांगजनों के हाथ और पैर का सटीक मापन किया गया। मापन के आधार पर लाभार्थियों के लिए उपयुक्त कृत्रिम अंग तैयार किए जाएंगे। साथ ही, लाभार्थियों को कृत्रिम अंगों के सही उपयोग, देखभाल और रख-रखाव से जुड़ी आवश्यक जानकारी भी दी गई। शिविर की सभी सेवाएं पूरी तरह निःशुल्क रखी गईं, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर दिव्यांगजन बिना किसी बाधा के इसका लाभ उठा सकें।
सहायक निदेशक, दिव्यांगजन सशक्तिकरण कोषांग ने जानकारी दी कि शिविर में शामिल होने के लिए दिव्यांगजनों का पंजीकरण किया गया, जिसमें आधार कार्ड, दिव्यांगता प्रमाण पत्र एवं फोटो अनिवार्य था। उन्होंने बताया कि जिले के विभिन्न प्रखंडों, पंचायतों और शहरी क्षेत्रों से कुल 27 दिव्यांगजनों का पंजीकरण किया गया, जिनमें से 19 दिव्यांगजनों का अंग मापन किया गया।
कार्यक्रम शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। जिला प्रशासन ने भविष्य में भी इस तरह के कल्याणकारी शिविरों के आयोजन की प्रतिबद्धता दोहराई। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक श्री अवधेश दीक्षित, सहायक निदेशक दिव्यांगजन सशक्तिकरण कोषांग श्रीमती वंदना पाण्डेय सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।