लखीसराय | 30 जनवरी 2026
किसानों को सरकारी योजनाओं का सीधा और पारदर्शी लाभ दिलाने के उद्देश्य से लखीसराय जिला प्रशासन ने फार्मर रजिस्ट्री कार्य को तेज करने का निर्णय लिया है। इसी क्रम में शुक्रवार को जिला पदाधिकारी श्री मिथिलेश मिश्र की अध्यक्षता में जिला परिषद सभागार में लखीसराय, चानन एवं सूर्यगढ़ा प्रखंड के फार्मर रजिस्ट्री कार्य से जुड़े पदाधिकारियों और कर्मियों की प्रशिक्षण-सह-समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में फार्मर रजिस्ट्री की अब तक की प्रगति की समीक्षा की गई और आगामी कार्ययोजना को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए गए। जिला पदाधिकारी ने कहा कि फार्मर रजिस्ट्री सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसके माध्यम से किसानों को विभिन्न योजनाओं का लाभ बिना किसी बाधा के मिल सकेगा। उन्होंने सभी संबंधित कर्मियों से कार्य को प्राथमिकता के आधार पर करने का आह्वान किया।
जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि 2 फरवरी से 6 फरवरी 2026 तक फार्मर रजिस्ट्री का कार्य कैंप मोड में संचालित किया जाएगा, ताकि शत-प्रतिशत संतृप्ति सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि कैंप के प्रत्येक कार्य दिवस में सभी कर्मियों को अपने-अपने पंचायत क्षेत्रों में न्यूनतम 30 किसानों का केवाईसी पूरा करने तथा कम से कम 30 फार्मर आईडी का निर्माण करना अनिवार्य होगा।
उन्होंने यह भी कहा कि जिन पंचायतों में किसी तकनीकी या अन्य कारणों से फार्मर आईडी का निर्माण तत्काल संभव नहीं हो पाएगा, वहां संबंधित किसानों से परिमार्जन हेतु ऑनलाइन आवेदन अनिवार्य रूप से प्राप्त किया जाए, जिससे भविष्य में किसी भी किसान को योजना के लाभ से वंचित न होना पड़े।
जिला पदाधिकारी ने सभी प्रखंड नोडल पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे नियमित रूप से अपने क्षेत्रों का भ्रमण कर फार्मर रजिस्ट्री कार्य की भौतिक प्रगति की निगरानी करें और कर्मियों को आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान करें। उन्होंने दो टूक कहा कि इस महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि फार्मर रजिस्ट्री की सतत निगरानी के लिए जिला और प्रखंड स्तर पर स्थापित कंट्रोल रूम के माध्यम से प्रतिदिन प्रगति प्रतिवेदन प्राप्त किया जाएगा। इन रिपोर्टों के आधार पर आवश्यकतानुसार त्वरित सुधारात्मक कार्रवाई की जाएगी, ताकि लक्ष्य समय पर पूरा किया जा सके।
जिला पदाधिकारी ने अंत में सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों से आपसी समन्वय और टीम भावना के साथ कार्य करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर फार्मर रजिस्ट्री कार्य को पूर्ण करने का निर्देश दिया।
बैठक में जिला कृषि पदाधिकारी श्री कुंदन कुमार, जिला पंचायत राज पदाधिकारी सुश्री पम्मी रानी, संबंधित प्रखंडों के नोडल पदाधिकारी तथा फार्मर रजिस्ट्री से जुड़े अन्य कर्मी उपस्थित रहे।