बेतिया।पश्चिम चंपारण जिले के नरकटियागंज नगर में शनिवार की सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक अंडा व्यवसायी का गोली लगा शव रेलवे लाइन के किनारे झाड़ियों में बरामद किया गया। वार्ड संख्या सात निवासी और पेशे से अंडा व्यवसायी विजय कुमार शाह की अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। यह वारदात नरकटियागंज–भिखना ठोरी रेलखंड पर नंदपुर रेलवे ढाला के समीप हुई, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
सुबह स्थानीय लोगों ने झाड़ियों में शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही नरकटियागंज एसडीपीओ जयप्रकाश सिंह और थानाध्यक्ष ज्वाला सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने मौके से एक देसी कट्टा भी बरामद किया है, जिसे फॉरेंसिक जांच के लिए जब्त कर लिया गया। एफएसएल टीम को बुलाकर साक्ष्य संकलन कराया गया है, ताकि हत्या से जुड़े अहम सुराग जुटाए जा सकें।
परिजनों का हंगामा, सड़क जाम
हत्या की खबर मिलते ही मृतक के परिजन और स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। आक्रोशित परिजनों ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने का विरोध करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। कुछ देर के लिए नंदपुर ढाला के पास सड़क जाम कर दी गई, जिससे आवागमन बाधित रहा। पुलिस ने समझा-बुझाकर स्थिति को नियंत्रित किया और शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की।
पहले भी हो चुका था जानलेवा हमला
मामले को और गंभीर बनाते हुए मृतक की पत्नी माया मति देवी ने बताया कि विजय कुमार शाह पर इससे पहले भी जानलेवा हमला हो चुका था। उन्होंने बताया कि 29 नवंबर 2025 को इसी रेलखंड पर चाकू से हमला कर उनके पति का पेट फाड़ दिया गया था। उस हमले में इलाज पर करीब पांच लाख रुपये खर्च हुए थे, तब जाकर उनकी जान बच पाई थी। पत्नी का आरोप है कि उस समय पुलिस को सूचना देने के बावजूद ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
मृतक के भाई संजय शाह ने भी पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने बताया कि शुक्रवार की शाम करीब सात बजे विजय कुमार यह कहकर घर से निकले थे कि वे धर्मेंद्र की पान दुकान पर पान खाने जा रहे हैं, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटे। रात भर खोजबीन के बाद भी जब कोई सुराग नहीं मिला, तो शनिवार सुबह रेलवे लाइन के पास उनका शव मिलने की सूचना आई।
‘पहले ही दी थी चेतावनी’
संजय शाह का कहना है कि परिवार को पहले से आशंका थी कि विजय कुमार की हत्या की जा सकती है। उन्होंने बताया कि पहले के हमले के बाद कोर्ट जाने पर भी जान से मारने की धमकियां मिलती रही थीं। परिवार ने थाने में भी इसकी जानकारी दी थी, लेकिन कोई ठोस सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई। उनका आरोप है कि यदि समय रहते कार्रवाई होती, तो शायद यह हत्या टल सकती थी।
पुलिस का पक्ष
घटनास्थल पर पहुंचे एसडीपीओ जयप्रकाश सिंह ने पुष्टि की कि विजय कुमार शाह की गोली मारकर हत्या की गई है। उन्होंने बताया कि इससे पहले चाकू से हमला किए जाने के मामले में चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी, जिनमें से तीन की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि एक आरोपी अब भी फरार है। पुलिस इस हत्या को पुराने विवाद और रंजिश के एंगल से भी जांच रही है। सभी पहलुओं पर जांच जारी है और दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने का दावा किया गया है।
इलाके में भय का माहौल
दिनदहाड़े हुई इस हत्या से नरकटियागंज नगर में भय और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार आपराधिक घटनाओं से आम लोग असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस की टीम इलाके में कैंप कर रही है और संदिग्धों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।