:
Breaking News

दानापुर से इनामी अपराधी रणधीर कुमार गिरफ्तार, कोर्ट परिसर हत्याकांड में बड़ी कामयाबी

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

पटना।पटना पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। शुक्रवार को पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी और कुख्यात अपराधी रणधीर कुमार को दानापुर इलाके से गिरफ्तार कर लिया। रणधीर लंबे समय से पुलिस की आंखों में धूल झोंक रहा था और वर्ष 2023 में दानापुर कोर्ट परिसर में दिनदहाड़े हुए अभिषेक उर्फ छोटे सरकार हत्याकांड का मुख्य आरोपी बताया जाता है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, रणधीर कुमार मनोज मानिक गिरोह का सक्रिय सदस्य रहा है और उस पर हत्या समेत कई गंभीर आपराधिक मामलों में संलिप्त रहने का आरोप है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसे एक गुप्त स्थान पर ले जाकर गहन पूछताछ शुरू कर दी है, ताकि गिरोह की गतिविधियों और अन्य आपराधिक नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार दोपहर रणधीर कुमार अपने कुछ साथियों के साथ दानापुर के सिल्हौरी इलाके में स्थित एक मोटरसाइकिल शोरूम पहुंचा था। इसी दौरान पुलिस को उसकी मौजूदगी की पुख्ता सूचना मिली। सूचना मिलते ही पटना पुलिस ने एसटीएफ के सहयोग से त्वरित कार्रवाई करते हुए संयुक्त ऑपरेशन चलाया और मौके से ही रणधीर को दबोच लिया। हालांकि उसके साथी भागने में सफल रहे, जिनकी तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।
पटना के सिटी एसपी पश्चिम भानु प्रताप सिंह ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि रणधीर कुमार पर हाल ही में 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। उन्होंने कहा कि दानापुर कोर्ट परिसर में हुई अभिषेक उर्फ छोटे सरकार की हत्या ने पूरे इलाके को दहला दिया था और इस मामले में रणधीर की भूमिका लगातार जांच के घेरे में थी। इसके अलावा, करीब एक वर्ष पूर्व नौबतपुर थाना क्षेत्र के नवही गांव में हुए सोनू हत्याकांड में भी उसका नाम सामने आया था।
सिटी एसपी ने कहा कि यह गिरफ्तारी पटना पुलिस के लिए एक अहम उपलब्धि है। रणधीर कुमार से पूछताछ के दौरान कई पुराने मामलों और संगठित अपराध से जुड़े अहम सुराग मिलने की उम्मीद है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि वह हाल के दिनों में किन-किन आपराधिक घटनाओं में शामिल रहा है और उसके गिरोह के अन्य सदस्य कहां सक्रिय हैं।
पुलिस अधिकारियों का मानना है कि इस गिरफ्तारी से दानापुर और आसपास के इलाकों में सक्रिय आपराधिक नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। वहीं, कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले अपराधियों के खिलाफ पुलिस की सख्ती का यह स्पष्ट संकेत माना जा रहा है।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *