:
Breaking News

पटना में प्रतिबंधित कोडीन कफ सिरप की अब तक की सबसे बड़ी खेप पकड़ी गई, 80 लाख की नशीली दवाएं जब्त, छह तस्कर गिरफ्तार

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

पटना। राजधानी पटना में नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। मालसलामी थाना पुलिस ने एक सुनियोजित कार्रवाई के तहत डाक पार्सल और मालवाहक वाहनों की आड़ में लाई जा रही प्रतिबंधित कोडीन कफ सिरप की भारी खेप को जब्त करते हुए अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने करीब 80 लाख रुपये मूल्य की नशीली कफ सिरप बरामद की है और छह शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार यह खेप हिमाचल प्रदेश से मंगाई गई थी, जिसे बिहार के विभिन्न जिलों खासकर कटिहार, पटना और पटना सिटी क्षेत्र में खपाने की पूरी तैयारी थी। तस्करों ने पुलिस की नजर से बचने के लिए बेहद चालाकी से डाक पार्सल लिखे वाहनों और सामान्य माल ढुलाई करने वाले ट्रकों का इस्तेमाल किया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने छोटी नगला और दीदारगंज चेकपोस्ट के पास कुल छह वाहनों को रोका और तलाशी ली। जांच में सामने आया कि तीन वाहन डाक पार्सल के नाम पर चल रहे थे, जबकि एक टाटा 407 वाहन में तेज पत्ता की बोरियों के बीच कफ सिरप के कार्टन छिपाए गए थे। तलाशी के दौरान पुलिस ने कुल 289 कार्टन में रखे 4485 लीटर प्रतिबंधित कोडीन कफ सिरप बरामद किए।
इस पूरे अवैध नेटवर्क का मुख्य सरगना पटना के कदमकुआं थाना क्षेत्र स्थित काजीपुर नया टोला निवासी 34 वर्षीय सूर्यप्रकाश उर्फ गन्नी बताया जा रहा है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि सूर्यप्रकाश ने पटना में सप्लाई के उद्देश्य से करीब 100 कार्टन कफ सिरप की बुकिंग करवाई थी।
डीएसपी द्वितीय डॉ. गौरव कुमार ने शुक्रवार को मामले का खुलासा करते हुए बताया कि यह पूरी कार्रवाई वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश और नगर पुलिस अधीक्षक, पटना पूर्वी की निगरानी में गठित विशेष टीम द्वारा की गई। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में तस्करी का यह नेटवर्क कई राज्यों तक फैला हुआ है।
गिरफ्तार तस्करों में वैशाली के दो, कटिहार के दो, सहरसा का एक और पटना का एक आरोपी शामिल है। गिरफ्तार आरोपियों में वैशाली निवासी मुकेश कुमार का आपराधिक इतिहास पहले से दर्ज है। पुलिस ने गुरुवार रात करीब 8:30 बजे छोटी नगला क्षेत्र में छापेमारी कर मुकेश और गुड्डू कुमार को वाहनों सहित गिरफ्तार किया, जिसके बाद पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर दीदारगंज चेकपोस्ट के पास दूसरी बड़ी कार्रवाई की गई।
पुलिस पूछताछ में यह भी संकेत मिले हैं कि बंगाल में आगामी चुनावों को देखते हुए नशे के इस अवैध नेटवर्क को और सक्रिय किया गया था। पुलिस इस एंगल से भी गहन जांच कर रही है कि कहीं नशे की यह खेप चुनावी माहौल को प्रभावित करने के उद्देश्य से तो नहीं लाई गई थी।
डीएसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से लगातार पूछताछ जारी है और इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। जल्द ही इस मामले में और गिरफ्तारियां होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
पटना पुलिस की यह कार्रवाई न केवल नशे के अवैध कारोबार पर बड़ा प्रहार मानी जा रही है, बल्कि इससे यह भी स्पष्ट होता है कि पुलिस अब नशीली दवाओं की तस्करी के खिलाफ पूरी सख्ती के साथ कार्रवाई कर रही है।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *