:
Breaking News

भूमि सुधार जनसंवाद में सख्त हुए डिप्टी सीएम: सीओ से जवाब-तलब, अमीन का तबादला, दरभंगा में राजस्व व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

दरभंगा: भूमि से जुड़े मामलों में आम लोगों की बढ़ती परेशानी को लेकर दरभंगा में आयोजित भूमि सुधार जन कल्याण संवाद कार्यक्रम उस समय सख्त तेवरों का गवाह बना, जब डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा ने शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए मौके पर ही अधिकारियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए। जिले के ऑडिटोरियम में हुए इस जनसंवाद में दरभंगा के 18 प्रखंडों से बड़ी संख्या में फरियादी पहुंचे और जमीन विवाद, दाखिल-खारिज और कब्जे से जुड़ी समस्याएं खुलकर सामने रखीं।
जनसंवाद के दौरान सदर प्रखंड के अंचलाधिकारी रणधीर कुमार को लेकर लगातार शिकायतें सामने आने लगीं। फरियादियों ने आरोप लगाया कि दाखिल-खारिज और जमीन से जुड़े मामलों में महीनों तक आवेदन लटकाए जाते हैं और बाद में बिना ठोस कारण के खारिज कर दिए जाते हैं। शिकायतों की संख्या और गंभीरता को देखते हुए डिप्टी सीएम ने नाराजगी जाहिर की और सदर प्रखंड के सीओ रणधीर कुमार से स्पष्टीकरण मांगते हुए जवाब तलब कर लिया।
कार्यक्रम में बहादुरपुर प्रखंड के अमीन को लेकर भी कई लोगों ने शिकायत दर्ज कराई। आरोप लगाया गया कि अमीन ने अपने ही गांव में तैनाती करवा रखी है और जमीन से जुड़े मामलों में मनमानी कर लोगों को परेशान करता है। मामले को गंभीर मानते हुए डिप्टी सीएम ने तत्काल संबंधित अमीन के तबादले का आदेश दे दिया।
जनसंवाद में पहुंचे शिकायतकर्ता विकास कुमार ने बताया कि उन्होंने दो वर्ष पहले जमीन खरीदकर मकान का निर्माण कराया था, लेकिन निर्माण पूरा होने के बाद दबंगों ने उस पर कब्जा जमा लिया। उन्होंने कहा कि उनकी जमीन से जुड़े सभी दस्तावेज वर्ष 1969 से लगातार अपडेट हैं और पूरी तरह वैध हैं, इसके बावजूद अब तक उन्हें कब्जा नहीं दिलाया जा सका। हर बार दाखिल-खारिज के लिए आवेदन करने पर उसे खारिज कर दिया जाता है।
इसी तरह गुंजन कुमार ने आरोप लगाया कि उनकी निजी जमीन को अंचल कार्यालय की मिलीभगत से सैरात की जमीन घोषित कर दिया गया। उन्होंने बताया कि वे लंबे समय से सीओ कार्यालय के चक्कर लगा रहे थे, लेकिन जनसंवाद से ठीक पहले उनका आवेदन भी खारिज कर दिया गया।
जनसंवाद में उमड़ी भीड़ और शिकायतों की प्रकृति से यह साफ हो गया कि दरभंगा जिले में भूमि सुधार और राजस्व व्यवस्था को लेकर गहरी असंतोष की स्थिति है। डिप्टी सीएम ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि जमीन से जुड़े मामलों में लापरवाही और भ्रष्टाचार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषी अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह जनसंवाद न केवल लोगों की पीड़ा का मंच बना, बल्कि राजस्व व्यवस्था की खामियों को भी उजागर करता नजर आया।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *