:
Breaking News

माघी पूर्णिमा की आस्था पर मातम: जमुई में गंगा स्नान को जा रही महिलाओं से भरे ई-रिक्शा को ट्रक ने कुचला, एक की मौत, सात घायल

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

जमुई: माघी पूर्णिमा के पावन अवसर पर गंगा स्नान की आस्था उस वक्त मातम में बदल गई, जब जमुई जिले में श्रद्धालुओं से भरे एक ई-रिक्शा को तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। इस दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई और श्रद्धा का माहौल चीख-पुकार में तब्दील हो गया।
जानकारी के अनुसार गरसंडा गांव के आठ लोग रविवार सुबह ई-रिक्शा से बेगूसराय जिले के सिमरिया घाट गंगा स्नान के लिए जाने के उद्देश्य से रेलवे स्टेशन की ओर निकले थे। कटौना के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने अचानक ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा पलट गया और उसमें सवार महिलाएं व चालक सड़क पर दूर-दूर जा गिरे।
हादसे में गरसंडा गांव निवासी 50 वर्षीय चंचली देवी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतका की पहचान होते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। इस दुर्घटना में दुखनी देवी (60), दया देवी (60), कारी देवी (60), सजनी देवी (35), मंजू देवी (45) और ई-रिक्शा चालक पिंटू तांती (26) गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को सड़क से उठाया और पुलिस को सूचना दी। एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को सदर अस्पताल जमुई पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने ई-रिक्शा चालक पिंटू तांती की हालत नाजुक देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया, जबकि अन्य घायलों का इलाज जमुई सदर अस्पताल में जारी है।
घायल दया देवी ने बताया कि सभी लोग माघी पूर्णिमा पर गंगा स्नान के लिए घर से निकले थे और किसी को अंदेशा नहीं था कि यह यात्रा जानलेवा साबित हो जाएगी।
घटना की सूचना मिलते ही मलयपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मलयपुर थानाध्यक्ष शेखर सौरव ने बताया कि दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया है। उसकी पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया अपनाई जा रही है।
यह हादसा एक बार फिर त्योहारों और धार्मिक यात्राओं के दौरान सड़क सुरक्षा, तेज रफ्तार भारी वाहनों और लापरवाह ड्राइविंग पर गंभीर सवाल खड़े करता है, जहां आस्था के साथ जान का जोखिम जुड़ता जा रहा है।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *