:
Breaking News

शादी से पहले उजड़ा आशियाना: मीनापुर में चोरों ने उड़ाई 10 लाख की संपत्ति, परिवार सदमे में

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

मुजफ्फरपुर जिले के मीनापुर थाना क्षेत्र में शादी की खुशियां मातम में बदल गईं, जब चोरों ने सुनियोजित तरीके से एक नवनिर्मित घर को निशाना बनाकर लाखों की चोरी को अंजाम दे दिया। जिस घर में बेटे की शादी की तैयारियां चल रही थीं, उसी घर से नकदी, जेवरात, मोबाइल समेत करीब दस लाख रुपये की संपत्ति गायब हो गई। घटना के बाद पीड़ित परिवार गहरे सदमे में है और पूरे गांव में दहशत का माहौल है।
घटना महदेया चैनपुर गांव की बताई जा रही है। पीड़ित गृहस्वामी सुरेंद्र सहनी के अनुसार, हाल ही में उनका नया मकान बनकर तैयार हुआ है और एक दिन पहले ही छत की ढलाई कराई गई थी। इसी बीच बेटे की शादी तय थी, जिसके लिए जेवरात और अन्य जरूरी सामान घर में रखा गया था। रात में परिवार के सभी सदस्य खाना खाकर सो गए, लेकिन सुबह जब नींद खुली तो घर का नजारा देखकर होश उड़ गए। कमरों में अलमारियां खुली पड़ी थीं, सामान बिखरा था और कीमती वस्तुएं गायब थीं।
परिजनों का कहना है कि रात में किसी प्रकार का नशीला पदार्थ सुंघाया गया, क्योंकि किसी को भी आहट नहीं लगी और सभी गहरी नींद में थे। चोर घर की चाभी तक निकाल ले गए और आराम से कमरों को खोलकर चोरी को अंजाम दिया। शादी के लिए खरीदे गए सोने-चांदी के जेवरात, नकदी और दो मोबाइल फोन समेत लगभग दस लाख रुपये की संपत्ति चोर ले उड़े।
घटना की सूचना मिलते ही मीनापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। थाना प्रभारी ने बताया कि चोरी की पुष्टि हुई है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। संदिग्ध गतिविधियों और संभावित रास्तों की जांच की जा रही है, जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
शादी से पहले हुई इस बड़ी चोरी ने न सिर्फ परिवार की आर्थिक स्थिति को झकझोर दिया है, बल्कि गांव में सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पीड़ित परिवार को अब शादी की तैयारियों के साथ-साथ न्याय की उम्मीद भी पुलिस से है।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *