:
Breaking News

गंगा किनारे अब चलती बस में जश्न, पटना में पार्टी का नया ट्रेंड हुआ शुरू

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

पटना में अब जन्मदिन, एनिवर्सरी या छोटी निजी पार्टी के लिए होटल और बैंक्वेट हॉल तलाशने की जरूरत नहीं रह गई है। गंगा के किनारे शहर के खूबसूरत नजारों के बीच अब लोग चलती डबल डेकर बस में भी अपने खास पल मना सकेंगे। बिहार पर्यटन विकास निगम की इस नई पहल ने पटना के शहरी पर्यटन को बिल्कुल नया रंग दे दिया है।
जेपी गंगा पथ पर चलने वाली डबल डेकर बस अब सिर्फ सैर-सपाटे तक सीमित नहीं रही। बिहार पर्यटन विकास निगम ने इसे निजी बुकिंग के लिए खोल दिया है, जिससे शहरवासी डेढ़ घंटे के लिए पूरी बस बुक कर परिवार और दोस्तों के साथ खास मौके सेलिब्रेट कर सकते हैं। एक ट्रिप का किराया 4,000 रुपये तय किया गया है, जो पूरी बस के लिए होगा।
नई व्यवस्था के तहत बस की सभी सीटें बुकिंग कराने वाले समूह के लिए आरक्षित रहेंगी। जन्मदिन, फैमिली गेट-टुगेदर, दोस्तों की छोटी पार्टी या किसी खास दिन को यादगार बनाने के लिए यह विकल्प तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। गंगा किनारे चलते हुए जश्न मनाने का यह अनुभव शहरवासियों के लिए बिल्कुल नया है।
यह डबल डेकर बस दीघा घाट से कंगन घाट तक संचालित होती है। ऊपरी डेक से गंगा का चारों ओर फैला नजारा, ठंडी हवा और जेपी गंगा पथ की रौशनी यात्रियों को खास एहसास कराती है। शाम 5 बजे से रात 10 बजे तक चलने वाली इस बस में सूर्यास्त के समय गंगा किनारे का दृश्य लोगों को सबसे ज्यादा आकर्षित कर रहा है।
बस में कुल 40 सीटें उपलब्ध हैं। नीचे के डेक पर 20 वातानुकूलित सीटें हैं, जबकि ऊपर के डेक पर 20 खुली सीटें दी गई हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए बस में टॉयलेट, रेफ्रिजरेटर और एक प्रशिक्षित गाइड की भी व्यवस्था की गई है। गाइड दीघा घाट से लेकर जेपी गंगा पथ गोलंबर, सभ्यता द्वार, दरभंगा हाउस, गांधी घाट, महात्मा गांधी सेतु, चित्रगुप्त मंदिर और कंगन घाट जैसे ऐतिहासिक और प्रमुख स्थलों की जानकारी देता है।
जो लोग निजी बुकिंग नहीं करना चाहते, उनके लिए यह बस आम दिनों में भी किफायती सैर का विकल्प बनी हुई है। सामान्य दिनों में एक तरफ का किराया प्रति व्यक्ति 50 रुपये और दोनों तरफ का किराया 100 रुपये तय किया गया है। कम खर्च में गंगा किनारे घूमने और पटना को नए नजरिये से देखने का यह शानदार मौका लोगों को खूब लुभा रहा है।
पर्यटन विभाग की यह पहल न सिर्फ पटना के शहरी पर्यटन को नई पहचान दे रही है, बल्कि युवाओं और परिवारों के बीच यह बस एक नए सेल्फी प्वाइंट और जश्न के नए ठिकाने के रूप में भी तेजी से लोकप्रिय हो रही है।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *