:
Breaking News

बजट सत्र की शुरुआत में सियासत और संवेदना साथ-साथ, अभिभाषण के दौरान मुस्कुराए राज्यपाल, व्हीलचेयर पर पहुंचे तेजस्वी

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

पटना: बिहार विधानसभा के बजट सत्र का आगाज सोमवार को राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान के अभिभाषण के साथ हुआ। करीब 30 मिनट के संबोधन में राज्यपाल ने सरकार की नीतियों, उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं का खाका रखा। अभिभाषण के दौरान जब कानून-व्यवस्था का जिक्र आया, तो राज्यपाल मुस्कुराते नजर आए। इसी पल सदन में मौजूद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव भी हंसते दिखे। यह दृश्य सत्र के पहले दिन चर्चा का केंद्र बन गया।सत्र के पहले ही दिन राजनीति के बीच मानवीय संवेदना की भी झलक देखने को मिली। पैर के अंगूठे के ऑपरेशन के बाद नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव व्हीलचेयर के सहारे सदन पहुंचे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उनकी ओर बढ़कर हालचाल जाना। जवाब में तेजस्वी यादव ने हाथ के इशारे से अपनी तबीयत ठीक होने का संकेत दिया। सियासी मतभेदों से परे यह संवाद सदन में सकारात्मक संदेश देता नजर आया।राज्यपाल ने अपने अभिभाषण में कहा कि बिहार में अब कानून का राज स्थापित है और वर्ष 2005 के बाद राज्य ने हर क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, शिक्षा व्यवस्था में सुधार, महिला सशक्तिकरण और सड़कों के नेटवर्क को सरकार की बड़ी उपलब्धियां बताया। साथ ही केंद्र सरकार के सहयोग का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार भी जताया।कार्यवाही शुरू होने से पहले और सदन के भीतर विपक्ष ने NEET छात्रा रेप-मौत मामले को लेकर सरकार को घेरने की कोशिश की। कांग्रेस विधायक कमरूल होदा पोस्टर लेकर विधानसभा परिसर में प्रदर्शन करते दिखे। सदन के अंदर भी विपक्षी विधायकों ने न्याय की मांग उठाई, जिस पर राज्यपाल कुछ क्षण ठहरे और फिर अपना अभिभाषण आगे बढ़ाया।राजद विधायक भाई वीरेंद्र ने इस मुद्दे पर सरकार पर गंभीर आरोप लगाए और दोषियों को फांसी देने की मांग की। उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने जवाब देते हुए कहा कि मामला CBI को सौंपा जा चुका है और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने विपक्ष पर पलटवार करते हुए कहा कि उनके पास अब जनहित से जुड़ा कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है।अभिभाषण के दौरान उस वक्त हल्का तनाव भी देखने को मिला, जब राज्यपाल के हिंदू-मुस्लिम दोनों समुदायों के समान विकास वाले बयान पर AIMIM विधायक अख्तरुल ईमान खड़े होकर विरोध जताने लगे। राज्यपाल ने इशारों में उन्हें बैठने को कहा और अभिभाषण जारी रखा।सत्र के दौरान वित्त मंत्री बिजेंद्र यादव ने आर्थिक सर्वेक्षण पेश किया। अब 3 फरवरी को बिहार का बजट सदन में रखा जाएगा। 27 फरवरी तक चलने वाले इस बजट सत्र में कुल 19 बैठकें प्रस्तावित हैं। पहले ही दिन की कार्यवाही ने साफ संकेत दे दिया है कि आने वाले दिनों में विकास, कानून-व्यवस्था और NEET छात्रा मामला सदन की राजनीति का केंद्र बना रहेगा।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *