:
Breaking News

पटना जू हाई अलर्ट पर: बर्ड फ्लू की आशंका, एंट्री से पहले जूते-टायर सैनिटाइज, प्रशासन सख्त

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

पटना। बिहार में बर्ड फ्लू के बढ़ते खतरे के बीच राजधानी स्थित संजय गांधी जैविक उद्यान को पूरी तरह अलर्ट मोड पर रखा गया है। दरभंगा और भागलपुर के नवगछिया क्षेत्र में संक्रमण की पुष्टि के बाद पटना जू प्रशासन ने एहतियाती कदम तेज कर दिए हैं। प्रशासन का साफ कहना है कि जू में मौजूद पशु-पक्षियों की सुरक्षा से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जाएगा।
संभावित संक्रमण को रोकने के लिए जू के मुख्य द्वार और गेट नंबर-2 पर विशेष सैनिटाइजेशन व्यवस्था लागू की गई है। अब पर्यटकों को जू में प्रवेश से पहले जूतों और वाहनों के टायरों को पोटेशियम परमैग्नेट मिश्रित पानी से सैनिटाइज कराना अनिवार्य होगा। इसके लिए गेट पर विशेष कार्पेट बिछाए गए हैं, ताकि बाहर से आने वाले वायरस या कीटाणु अंदर न पहुंच सकें।
जू प्रशासन ने जानवरों और पक्षियों के आहार में भी बड़ा बदलाव किया है। एवियरी सेक्शन में मांसाहारी पक्षियों को अब चूजों के बजाय चूहे खिलाए जा रहे हैं। वहीं शेर, बाघ सहित अन्य मांसाहारी जानवरों के भोजन से चिकन को पूरी तरह हटा दिया गया है और उसकी जगह सुरक्षित वैकल्पिक आहार शामिल किया गया है, ताकि वायरस के किसी भी संभावित ट्रांसमिशन का खतरा खत्म किया जा सके।
संक्रमण की आशंका को देखते हुए एवियरी और पक्षियों के बाड़ों के आसपास रोजाना चुना और पोटेशियम परमैग्नेट का छिड़काव किया जा रहा है। इसके साथ ही जू में कार्यरत सभी कर्मचारियों के लिए मास्क, दस्ताने और अलग ड्रेस कोड अनिवार्य कर दिया गया है। बाड़ों से बाहर निकलने के बाद कर्मचारियों को स्वयं को सैनिटाइज करने के निर्देश दिए गए हैं।
पटना जू पहले भी बर्ड फ्लू जैसी स्थिति का सामना कर चुका है। दिसंबर 2018 में मोरों की मौत के बाद एच5एनए वायरस की पुष्टि हुई थी, जिसके चलते जू को करीब 20 दिनों तक बंद करना पड़ा था। जनवरी 2019 में हालात सामान्य होने के बाद जू को दोबारा खोला गया था।
जू प्रशासन का कहना है कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन किसी भी संभावित खतरे को नजरअंदाज नहीं किया जा रहा। सुरक्षा व्यवस्था को लगातार मजबूत किया जा रहा है, ताकि जू में मौजूद बेजुबान पशु-पक्षी पूरी तरह सुरक्षित रह सकें।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *