:
Breaking News

जेपी गंगा पथ को मिलेगी नई रफ्तार:दीघा से कोईलवर तक 36 किमी सड़क,दो चरणों में होगा निर्माण

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

पटना। राजधानी पटना के ट्रैफिक दबाव को कम करने और पश्चिमी इलाकों से आवागमन को आसान बनाने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया गया है। जेपी गंगा पथ के विस्तार की योजना अब धरातल पर उतरने जा रही है। दीघा से कोईलवर तक लगभग 36 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण दो चरणों में किया जाएगा,जिससे पटना से भोजपुर और आसपास के क्षेत्रों तक यात्रा कहीं अधिक सुगम हो जाएगी।
इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए हैदराबाद की एजेंसी विश्व समुद्र को वर्क ऑर्डर जारी किया गया है। एजेंसी ने काम शुरू करने की तैयारी तेज कर दी है। परियोजना के पहले चरण में शेरपुर से कोईलवर तक सड़क का निर्माण किया जाएगा,जबकि दूसरे चरण में शेरपुर से दीघा तक एलिवेटेड रोड बनाई जाएगी।
मिली जानकारी के अनुसार पहले चरण में शेरपुर से कोईलवर तक करीब 18 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण मिट्टी का बांध बनाकर किया जाएगा। मनेर क्षेत्र में बांध के दोनों ओर मिट्टी भराई कर सड़क विकसित की जाएगी। एजेंसी को इस हिस्से में निर्माण कार्य शुरू करने के निर्देश दे दिए गए हैं।
जानकारों का कहना है कि अप्रैल से पहले काम शुरू होने पर मिट्टी संबंधी कार्यों में तेजी लाई जा सकेगी। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार निर्माण की तैयारी में करीब दो महीने का समय लगता है। पहले चरण की सड़क बन जाने के बाद कोईलवर से पटना आने-जाने में सहूलियत होगी और कोईलवर-बिहटा मार्ग पर ट्रैफिक का दबाव काफी हद तक कम हो जाएगा।
दूसरे चरण में दीघा से शेरपुर के बीच लगभग 17 किलोमीटर लंबी एलिवेटेड रोड का निर्माण प्रस्तावित है। यह कार्य बाढ़ के मौसम के बाद शुरू किए जाने की संभावना है। परियोजना को चार वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद संबंधित एजेंसी को अगले 10 वर्षों तक सड़क के रखरखाव और मेंटेनेंस की जिम्मेदारी भी निभानी होगी।
दीघा से कोईलवर तक जेपी गंगा पथ के विस्तार के बाद राजधानी के पश्चिमी छोर से जुड़ाव मजबूत होगा और गंगा किनारे विकसित यह सड़क पटना के ट्रैफिक नेटवर्क को एक नई दिशा देगी।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *