हाजीपुर। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा है कि मोदी सरकार के कार्यकाल में बिहार का रेल बजट ऐतिहासिक रूप से बढ़ा है और राज्य को रेलवे विकास की मुख्यधारा में लाया गया है। उन्होंने बताया कि जहां 2009 से 2014 के बीच बिहार को औसतन 1132 करोड़ रुपये प्रतिवर्ष मिलते थे,वहीं वित्त वर्ष 2026-27 में यह राशि बढ़कर 10379 करोड़ रुपये हो गई है,जो करीब नौ गुना की वृद्धि दर्शाती है।
02 फरवरी 2026 को हाजीपुर में आयोजित कार्यक्रम में रेल मंत्री ने बजट 2026-27 में रेलवे के लिए रिकॉर्ड 2.78 लाख करोड़ रुपये के आवंटन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह बजट केवल आंकड़ों तक सीमित नहीं है,बल्कि दीर्घकालिक विकास और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।
रेल मंत्री ने बताया कि सरकार पर्यावरण के अनुकूल यात्री परिवहन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से देशभर में सात हाईस्पीड रेल कॉरिडोर विकसित कर रही है,जिन्हें ग्रोथ कनेक्टर्स के रूप में देखा जा रहा है। इनमें दिल्ली-वाराणसी और वाराणसी-सिलीगुड़ी जैसे महत्वपूर्ण कॉरिडोर शामिल हैं,जो बिहार से होकर गुजरेंगे। वाराणसी-पटना-सिलीगुड़ी हाईस्पीड कॉरिडोर के जरिए यह दूरी लगभग 2 घंटे 55 मिनट में पूरी की जा सकेगी,जबकि दिल्ली-वाराणसी हाईस्पीड रेल से सफर महज 3 घंटे 50 मिनट में संभव होगा। इससे बिहार,उत्तर प्रदेश,पश्चिम बंगाल और दिल्ली के बीच एक नया आर्थिक कॉरिडोर विकसित होने की उम्मीद है।
अश्विनी वैष्णव ने कहा कि बिहार में इस समय 1,09,158 करोड़ रुपये की लागत से रेलवे की आधारभूत संरचना से जुड़ी परियोजनाएं चल रही हैं। इसके साथ ही अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 3287 करोड़ रुपये की लागत से राज्य के 98 स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा है। इनमें थावे और पीरपैंती स्टेशन का कार्य पूरा हो चुका है,जबकि अन्य स्टेशनों पर काम तेजी से जारी है।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2014 से अब तक बिहार में करीब 2000 किलोमीटर नई रेल लाइन का निर्माण किया गया है,जो मलेशिया के कुल रेल नेटवर्क के बराबर है। इसी अवधि में 3330 किलोमीटर रेल ट्रैक का विद्युतीकरण कर राज्य में रेलवे का शत-प्रतिशत विद्युतीकरण पूरा कर लिया गया है। इसके अलावा 568 रेल फ्लाईओवर और अंडरपास भी बनाए जा चुके हैं।
रेल मंत्री के अनुसार बिहार में फिलहाल 14 जोड़ी वंदे भारत और 21 जोड़ी अमृत भारत ट्रेनों का संचालन हो रहा है। साथ ही पटना और जयनगर के बीच नमो भारत एक्सप्रेस भी चलाई जा रही है,जिससे यात्रियों को तेज,सुविधाजनक और आधुनिक रेल सेवा का लाभ मिल रहा है।
रेल मंत्री की प्रेस वार्ता के बाद पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह ने भी बजट में रेलवे के लिए किए गए प्रावधानों की जानकारी दी। इस अवसर पर अपर महाप्रबंधक अमरेन्द्र कुमार सहित सभी विभागाध्यक्ष मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि बजट के माध्यम से बिहार में रेलवे विकास को और गति मिलेगी और राज्य की कनेक्टिविटी एक नए स्तर पर पहुंचेगी।