:
Breaking News

पीएमसीएच को वर्ल्ड क्लास बनाने की तैयारी, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया व्यापक निरीक्षण

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को पटना मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल (पीएमसीएच) पहुंचकर पूरे परिसर का गहन निरीक्षण किया और स्वास्थ्य सुविधाओं से लेकर निर्माणाधीन कार्यों तक की विस्तार से समीक्षा की। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग और निर्माण एजेंसियों के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे, जिन्हें मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश देते हुए तय समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ कार्य पूरा करने को कहा।
निरीक्षण के क्रम में मुख्यमंत्री ने सबसे पहले रेडियोलॉजी विभाग का जायजा लिया, जहां अधिकारियों ने उन्हें वर्ल्ड क्लास सीटी स्कैन, एमआरआई मशीन समेत आधुनिक जांच सुविधाओं की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने तकनीकी सुविधाओं की स्थिति, मरीजों की पहुंच और सेवा की गुणवत्ता को लेकर सवाल किए और संतोषजनक व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
इसके बाद मुख्यमंत्री नवनिर्मित आपातकालीन भवन पहुंचे, जहां उन्होंने शिशु रोग विभाग का निरीक्षण किया। इस दौरान एनआईसीयू वार्ड, नर्स स्टेशन और अन्य जरूरी सुविधाओं को देखा और अधिकारियों से वहां इलाज की व्यवस्था, स्टाफ की तैनाती और उपकरणों की उपलब्धता की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से नवजात शिशुओं के इलाज में किसी भी तरह की कमी न रहने देने का निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री ने पीएमसीएच में चल रहे पुनर्विकास और विस्तार कार्यों की भी समीक्षा की। अधिकारियों ने उन्हें बताया कि पुनर्विकास योजना के तहत पीएमसीएच को 5462 बेड की क्षमता वाले अत्याधुनिक मेडिकल संस्थान के रूप में विकसित किया जा रहा है और काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सिर्फ भवन निर्माण का नहीं, बल्कि मरीजों को बेहतर और सम्मानजनक इलाज देने का प्रोजेक्ट है।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने साफ निर्देश दिया कि निर्माण कार्य की गति तेज की जाए, लेकिन गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों से किसी तरह का समझौता न हो। उन्होंने यह भी कहा कि मेडिकल सुविधाओं के साथ-साथ डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ, शिक्षकों और छात्र-छात्राओं के लिए आवासीय व्यवस्था भी आधुनिक और सुविधाजनक होनी चाहिए, ताकि कार्य और अध्ययन का बेहतर माहौल बन सके।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि पीएमसीएच में आने वाले मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, उन्हें समय पर इलाज मिले और अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का पूरा लाभ मिल सके। उन्होंने दोहराया कि 5462 बेड क्षमता वाला पीएमसीएच बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ बनेगा और इसे उसी स्तर के अनुरूप विकसित किया जाना चाहिए।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *