:
Breaking News

मुजफ्फरपुर में स्नातक छात्र पर बाइक सवार बदमाशों ने किया हमला, पेट में लगी गोली, पुलिस जांच में जुटी

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

मुजफ्फरपुर: जिले के अहियापुर थाना क्षेत्र के मुरादपुर दुल्लाह गांव में देर रात एक सनसनीखेज वारदात हुई, जिसमें 18 वर्षीय स्नातक छात्र शिवम कुमार को बाइक सवार बदमाशों ने पेट में गोली मार दी। घटना उस समय हुई जब छात्र अपने दोस्त के जन्मदिन की पार्टी में जा रहा था। वारदात के दौरान सुनसान जगह पर लीची गाछी के पास बदमाशों ने पिस्टल सटाकर उसे निशाना बनाया और तुरंत फरार हो गए।
घायल शिवम कुमार को तत्काल परिजन और दोस्त लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने आपात स्थिति में उसका ऑपरेशन कर गोली निकालने में सफलता हासिल की। डॉक्टरों के अनुसार, छात्र अब खतरे से बाहर है और होश में है। घायल छात्र की मां विभा देवी ने बताया कि शिवम ने खुद उन्हें फोन कर पेट में तेज दर्द होने की बात कही थी। परिवार का कहना है कि उनके किसी से कोई व्यक्तिगत विवाद या दुश्मनी नहीं है।
जानकारी के अनुसार, शिवम शहर के एलएस कॉलेज में पढ़ता है और हाल ही में उसने ग्रेजुएशन की फर्स्ट पार्ट परीक्षा पूरी की है। वह दो भाइयों में बड़ा है और परिवार मूल रूप से सीतामढ़ी का रहने वाला है, फिलहाल बच्चों की पढ़ाई के लिए मुजफ्फरपुर शहर के शाहबाजपुर इलाके में किराए के मकान में रहता है। घायल छात्र के पिता उमेश कुमार अर्धसैनिक बल (एसएसबी) में जवान हैं और वर्तमान में अररिया जिले में तैनात हैं।
एसडीपीओ टाउन टू बिनीता सिन्हा ने बताया कि फिलहाल घटना का स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। उन्होंने कहा कि शिवम के पूरी तरह ठीक होने के बाद उसका बयान दर्ज किया जाएगा और उसके आधार पर ही एफआईआर दर्ज की जाएगी। पुलिस ने बदमाशों की तलाश में इलाके में छापेमारी शुरू कर दी है और घटनास्थल की बारीकी से जांच की जा रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ कर हमलावरों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
घटना ने इलाके में दहशत फैला दी है और लोगों में सुरक्षा के प्रति चिंता बढ़ गई है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि वे पूरी सतर्कता के साथ मामले की जांच कर रहे हैं और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करेंगे।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *