:
Breaking News

छपरा के मशरक मंदिर से चोरी हुई मूर्तियां बरामद, श्रद्धालु अब भी इंतजार में

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

छपरा: सारण जिले के मशरक में स्थित प्राचीन राम-जानकी-शिव मंदिर से चोरी हुई भगवान राम, माता जानकी और लक्ष्मण की अष्टधातु मूर्तियां पिछले 30 दिनों से थाने के मालखाने में सुरक्षित रखी गई हैं। मंदिर में श्रद्धालु अब भी बिना मूर्तियों के ही पूजा और आरती कर रहे हैं, जिससे भक्तों में निराशा है। मंदिर के पुजारी टुन्ना बाबा ने बताया कि मूर्तियां अदालत के आदेश के बाद ही मंदिर को लौटाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि कानूनी प्रक्रिया जारी है, लेकिन जल्द ही मूर्तियां फिर से स्थापित की जाएंगी। श्रद्धालु पुलिस की कार्रवाई की सराहना कर रहे हैं क्योंकि चोरी हुई मूर्तियां और आरोपियों को सिर्फ सात दिनों में पकड़ लिया गया।
घटना 5 जनवरी को हुई थी, जब घने कोहरे और कुहासे के बीच अज्ञात चोरों ने मंदिर के पीछे की कुंडी काटकर गर्भगृह से मूर्तियां चोरी कर लीं। चोरों ने सीसीटीवी कैमरे और हार्ड डिस्क भी अपने साथ ले गए। तत्कालीन वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. कुमार आशीष के निर्देश पर एसडीपीओ-2 संजय कुमार सुधांशु के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया। टीम ने सक्रिय जांच कर चोरी की मूर्तियां बरामद कीं और चोरी के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में तख्त टोला गांव निवासी अखिलेश तिवारी, गोपी छपरा गांव निवासी मुन्ना सहनी और जमुनिया गांव निवासी संजय सिंह शामिल हैं। आरोपियों की निशानदेही पर मूर्तियां बरामद की गईं। श्रीराम और लक्ष्मण की मूर्तियां सोनू सहनी के घर से मिलीं, जबकि माता जानकी की मूर्ति राजन सहनी के फूस के मड़ई में दबाई गई थी। स्थानीय लोगों के अनुसार ये मूर्तियां लगभग 200 साल पुरानी हैं और अत्यंत मूल्यवान हैं।
श्रद्धालुओं ने कहा कि चोरी के बाद पुलिस की तत्परता सराहनीय है, लेकिन मूर्तियों की वापसी में देरी से पूजा-अर्चना प्रभावित हो रही है। स्थानीय लोगों और भक्तों ने प्रशासन से मांग की है कि कानूनी प्रक्रिया को शीघ्र पूरा कर मूर्तियों को मंदिर में स्थापित किया जाए, ताकि भक्त फिर से विधिवत पूजा कर सकें। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद मूर्तियां जल्द मंदिर को लौटाई जाएंगी और मंदिर में श्रद्धालुओं की श्रद्धा बहाल होगी।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *