:
Breaking News

लखनौर CHC में 30 बेड तक अधूरी सेवा पर भाजपा विधायक ने साधा सरकार पर निशाना, प्रभारी मंत्री बार-बार फंसे सवालों में

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

बिहार विधानसभा में स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर आज एक बार फिर सियासी बहस गरमाई। झंझारपुर से भाजपा विधायक नीतीश मिश्रा ने लखनौर प्रखंड के सीएचसी में गंभीर व्यवस्थागत खामियों को उजागर करते हुए स्वास्थ्य विभाग पर हमला बोला। उन्होंने सवाल उठाया कि सीएचसी का मानक क्या है, जब 30 बेड वाला अस्पताल ठीक से संचालित नहीं हो पा रहा है और 20 अतिरिक्त बेड का भवन डेढ़ वर्षों से बंद पड़ा है।
विधायक ने बताया कि लखनौर सीएचसी में वर्तमान में केवल दो चिकित्सक तैनात हैं, जिनमें से एक मधुबनी में प्रतिनियुक्त है और दूसरा संविदा डॉक्टर हैं। इसके अलावा यहां केवल एक दंत चिकित्सक उपलब्ध है। नर्सिंग स्टाफ की स्थिति भी बेहद चिंताजनक है, क्योंकि स्वीकृत 16 ए ग्रेड नर्सों में कई की तैनाती नहीं हुई है। इसी कारण से 30 बेड को सुचारू रूप से संचालित करना संभव नहीं हो रहा, बावजूद इसके 20 अतिरिक्त बेड का भवन निर्माण करके उद्घाटन कर दिया गया, लेकिन डेढ़ साल बाद भी ताले में बंद पड़ा है।
विधायक नीतीश मिश्रा ने सरकार से मांग की कि सीएचसी को मानक अनुसार संचालित करने के लिए पर्याप्त मानव संसाधन, आवश्यक चिकित्सा उपकरण और जांच की सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने कहा कि जनता की सेवा और स्वास्थ्य की सुरक्षा प्राथमिकता होनी चाहिए, न कि केवल भवन बनाकर उद्घाटन करना।
स्वास्थ्य विभाग के प्रभारी मंत्री प्रमोद चंद्रवंशी विधायक के लगातार सवालों का संतोषजनक जवाब देने में फंसते नजर आए। मंत्री ने कहा कि अगले वित्तीय वर्ष में सभी व्यवस्थाओं को पूरा कर दिया जाएगा, लेकिन विधायक इससे संतुष्ट नहीं हुए और जवाब को अपर्याप्त बताते हुए आगे कार्रवाई की मांग की।
मंत्री की फजीहत बढ़ते देख डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने हस्तक्षेप किया और कहा कि सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने आश्वासन दिया कि आवश्यक संसाधन, मानव शक्ति और इंफ्रास्ट्रक्चर की कमी को दूर करने के लिए विशेष पहल की जाएगी।
इस घटना ने विधानसभा में स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर सवालों की गरमी और बढ़ा दी है। विपक्ष ने बार-बार यह प्रश्न उठाया कि क्या सरकार केवल कागजी तौर पर स्वास्थ्य सुधार का दावा कर रही है या असली स्तर पर जनता को गुणवत्तापूर्ण सेवा उपलब्ध कराई जा रही है।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *