:
Breaking News

सोना लुटेरा एनकाउंटर पर सम्राट चौधरी का बयान: अपराधियों को हर हाल में जेल

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

पटना।
बिहार में अपराध पर सख्ती को लेकर डिप्टी सीएम सह गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने एक बार फिर साफ और कड़ा संदेश दिया है। उन्होंने दो टूक कहा कि अब अपराधियों के लिए बिहार में कोई सुरक्षित ठिकाना नहीं बचा है। अपराधी चाहे राज्य के भीतर छिपे हों या बाहर भाग जाएं, बिहार पुलिस उन्हें ढूंढ़कर सलाखों के पीछे पहुंचाने में सक्षम है।
बजट सत्र के बाद मीडिया से बातचीत में सम्राट चौधरी ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता कानून-व्यवस्था को मजबूत करना है और इसी दिशा में पुलिस लगातार निर्णायक कार्रवाई कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराध के रास्ते पर चलने वालों को पहले ही आगाह किया जा चुका है कि वे किसी “सेफ जोन” की तलाश में न रहें, क्योंकि अब ऐसी कोई जगह नहीं है।
सोना लूटकांड के आरोपी प्रिंस के एनकाउंटर पर प्रतिक्रिया देते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि यह पुलिस की सतत कार्रवाई का नतीजा है। उन्होंने बताया कि कई अपराधी गिरफ्तारी से बचने के लिए बड़े शहरों का सहारा लेते हैं, लेकिन बिहार पुलिस की पहुंच अब देश के अन्य हिस्सों तक भी है। कानून से भागने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
इस दौरान नीट छात्रा की मौत को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के बयान पर भी सम्राट चौधरी ने तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि इतने गंभीर और संवेदनशील मामले में बिना नाम लिए बयान देना गैर-जिम्मेदाराना है। यदि किसी के पास ठोस जानकारी है तो उसे सार्वजनिक करना चाहिए, ताकि दोषियों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई हो सके।
डिप्टी सीएम ने कहा कि यदि आरोप लगाने वाले नाम बताने से बचते हैं तो यह साक्ष्य छिपाने जैसा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिस किसी का भी नाम सामने आएगा, उसके खिलाफ 24 घंटे के भीतर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सम्राट चौधरी ने विपक्ष पर आरोप लगाया कि वह गंभीर मामलों में भी राजनीति करने से बाज नहीं आ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की नीति स्पष्ट है—अपराध और अपराधी, दोनों के प्रति जीरो टॉलरेंस। बिहार में कानून का राज स्थापित करने के लिए सरकार और पुलिस पूरी मजबूती से काम कर रही है।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *