:
Breaking News

उद्योग विभाग की योजनाओं को मिली रफ्तार, समस्तीपुर में ऋण स्वीकृति व वितरण शिविर से उद्यमिता को बढ़ावा

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

समस्तीपुर। बिहार सरकार के उद्योग विभाग की महत्वाकांक्षी योजनाओं को धरातल पर उतारने की दिशा में समस्तीपुर में एक महत्वपूर्ण पहल देखने को मिली। विभागीय निर्देश के आलोक में जिला उद्योग केंद्र, समस्तीपुर के सभागार में शुक्रवार को ऋण स्वीकृति एवं ऋण वितरण शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें स्वरोजगार और उद्यमिता से जुड़ी विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को बैंकों द्वारा स्वीकृत ऋण प्रदान किया गया।
इस शिविर की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी रोशन कुशवाहा ने की। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (पीएमईजीपी), प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम औपचारिकीकरण योजना (पीएमएफएमई) तथा पीएम विश्वकर्मा योजना के तहत चयनित लाभार्थियों को ऋण वितरण किया गया। बड़ी संख्या में उद्यमी, नए व्यवसाय शुरू करने की तैयारी कर रहे युवा, लाभार्थी और विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि शिविर में उपस्थित रहे।
शिविर में उप विकास आयुक्त सूर्य प्रताप सिंह की उपस्थिति विशेष रही। उन्होंने बैंकों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि जिन लाभार्थियों के ऋण प्रस्ताव पहले ही स्वीकृत हो चुके हैं, उनके ऋण वितरण में किसी भी प्रकार की देरी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि समय पर ऋण मिलने से ही उद्यमी अपने व्यवसाय की शुरुआत कर सकेंगे और योजनाओं का वास्तविक लाभ जमीन पर दिखेगा।
कार्यक्रम के बाद उप विकास आयुक्त सूर्य प्रताप सिंह की अध्यक्षता में सभी बैंकों के साथ एक समीक्षा बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में उन्होंने फरवरी माह के अंत तक ऋण वितरण से जुड़े सभी निर्धारित लक्ष्यों को हर हाल में पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जिले में अधिक से अधिक युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है और इस लक्ष्य को हासिल करने में बैंकों की भूमिका बेहद अहम है।
जिला पदाधिकारी रोशन कुशवाहा ने अपने संबोधन में कहा कि उद्योग विभाग की योजनाएं समस्तीपुर जिले में रोजगार सृजन का सशक्त माध्यम बन रही हैं। प्रशासन का प्रयास है कि पात्र लाभार्थियों को बिना किसी अड़चन के योजनाओं का लाभ मिले, ताकि जिले में औद्योगिक गतिविधियों को नई मजबूती मिल सके और आर्थिक विकास को गति मिले।
शिविर में जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक विवेक कुमार शर्मा, मुकेश कुमार, सुनील कुमार सहित केंद्र के सभी पदाधिकारी और कर्मी मौजूद रहे। कार्यक्रम का मूल उद्देश्य जिले में उद्यमिता को प्रोत्साहित करना, स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा करना और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूत करना रहा।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *