:
Breaking News

बिहार विधानसभा स्थापना दिवस पर लोकतंत्र का उत्सव

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

पटना।बिहार विधानसभा परिसर शनिवार को लोकतांत्रिक गरिमा और संसदीय परंपराओं का साक्षी बना, जब स्थापना दिवस के अवसर पर विधानमंडल के सेंट्रल हॉल में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। “सशक्त विधायक–सशक्त लोकतंत्र” विषय पर आयोजित इस विशेष व्याख्यान में देश के कई शीर्ष संवैधानिक पदों पर आसीन हस्तियों की मौजूदगी ने आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला कार्यक्रम के मुख्य वक्ता रहे। उनके बिहार विधानसभा पहुंचने पर गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत हुई। इस अवसर पर ओम बिरला ने नेशनल ई-विधान एप्लीकेशन (नेवा) के माध्यम से संचालित ‘डिजिटल हाउस’ का उद्घाटन किया, जिसे विधानसभा की कार्यप्रणाली को और अधिक पारदर्शी, आधुनिक व तकनीक-सक्षम बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। साथ ही बिहार विधानसभा की संसदीय यात्रा पर आधारित एक डॉक्यूमेंट्री फिल्म का भी प्रदर्शन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने इसे लोकतंत्र को मजबूत करने वाला आयोजन बताया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र जनता की आवाज को संस्थागत रूप देता है और विधायक इसकी सबसे अहम कड़ी होते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि लोकसभा अध्यक्ष के अनुभव और मार्गदर्शन से बिहार विधानसभा के सदस्यों को नई ऊर्जा और दिशा मिलेगी।
संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अनुपस्थिति की जानकारी देते हुए कहा कि अपरिहार्य कारणों से वे कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके, लेकिन उनकी भावना और शुभकामनाएं सदन के साथ हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि बिहार विधानमंडल में एक ऐसा वार्षिक आयोजन होना चाहिए, जिसमें वर्तमान और पूर्व विधायक तथा मंत्री एक मंच पर एकत्र हों, ताकि संसदीय परंपराओं और अनुभवों का आदान-प्रदान हो सके।
उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने अपने संबोधन में विधानसभा के प्रति अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि सदन केवल कानून निर्माण का स्थान नहीं, बल्कि लोकतंत्र का मंदिर है। उन्होंने संविधान की मूल भावना और सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि भारतीय लोकतंत्र विविधता और आस्था को साथ लेकर चलता है।
इस गरिमामय आयोजन में केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजीजू, राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव, विधानसभा के उपाध्यक्ष नरेंद्र नारायण यादव सहित बिहार मंत्रिपरिषद के सभी सदस्य, विधानसभा और विधान परिषद के सदस्य तथा अनेक विशिष्ट अतिथि मौजूद रहे।
स्थापना दिवस के इस आयोजन ने न केवल बिहार विधानसभा की गौरवशाली परंपरा को रेखांकित किया, बल्कि यह संदेश भी दिया कि तकनीक, संवाद और संवैधानिक मूल्यों के सहारे लोकतंत्र को और अधिक सशक्त बनाया जा सकता है।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *