:
Breaking News

सहरसा में नशे का घातक प्रयोग: कीटनाशक पीने से तीन युवकों की मौत, एक का इलाज जारी

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

सहरसा।सहरसा जिले के कनरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत फरेबा टोला वार्ड संख्या-4 से सामने आई एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। नशे के कथित प्रयोग में चार दोस्तों ने एक साथ कीटनाशक दवा का सेवन कर लिया, जिसमें तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि चौथे की हालत गंभीर बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार को चारों युवक साथ बैठे थे और नशे के लिए उन्होंने कीटनाशक दवा ‘फेराडोन’ का सेवन किया। घटना के कुछ ही समय बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरे युवक मुरारी कुमार ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। चौथे युवक सनोज कुमार का इलाज पड़ोसी जिले खगड़िया के एक अस्पताल में चल रहा है।
इलाज के दौरान सनोज कुमार ने अस्पताल से एक वीडियो संदेश जारी किया है, जिसने इस मामले को और गंभीर बना दिया है। वीडियो में सनोज ने दावा किया कि चारों दोस्तों का इरादा आत्महत्या करने का नहीं था। उनके मुताबिक, वे लोग अक्सर साथ रहते थे और नशे के तौर पर उन्होंने कीटनाशक का सेवन कर लिया, यह समझे बिना कि इसका असर जानलेवा हो सकता है।
खुशियों के शौक, अब घरों में सन्नाटा
मृतकों की पहचान मुरारी कुमार, सन्नी देओल और राजा कुमार के रूप में हुई है। तीनों की मौत से उनके परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
मुरारी कुमार की मां सिरजेन देवी ने बताया कि मुरारी उनका बड़ा बेटा था और उसे बचपन से ही नाच-गाने का शौक था। वह अक्सर सांस्कृतिक कार्यक्रमों में ‘लौंडा नाच’ में हिस्सा लेता था। शनिवार को जब वह घर पहुंचा तो उसकी हालत बिगड़ चुकी थी और मुंह से झाग निकल रहा था। अस्पताल ले जाने के दौरान ही उसकी मौत हो गई।
सन्नी देओल के चाचा धर्मेंद्र कुमार के अनुसार, सन्नी परिवार का इकलौता बेटा था और उसकी शादी को अभी छह महीने भी पूरे नहीं हुए थे। उसकी असमय मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है।
वहीं राजा कुमार के पिता ने बताया कि राजा मजदूरी के लिए दिल्ली और पंजाब में काम करता था और दो महीने पहले ही गांव लौटा था। उसकी मौत से उसकी पत्नी और दो मासूम बेटियां—एक ढाई साल की और दूसरी मात्र पांच महीने की—बिना सहारे के रह गई हैं।
जांच के लिए एसआईटी गठित
घटना की गंभीरता को देखते हुए सहरसा पुलिस ने विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है। पुलिस ने तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी दीपेश कुमार, पुलिस अधीक्षक हिमांशु, एसडीपीओ मुकेश कुमार ठाकुर और कनरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम ने भी घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य एकत्र किए हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है—यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि कीटनाशक कैसे उपलब्ध हुआ और इसके पीछे किसी तरह की लापरवाही या अन्य कारण तो जिम्मेदार नहीं हैं।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *