:
Breaking News

दिनदहाड़े हत्या से दहला ताजपुर, कोचिंग से लौट रहे शिक्षक को गोलियों से भूना

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

समस्तीपुर जिले के ताजपुर थाना क्षेत्र में रविवार को अपराधियों ने दिनदहाड़े एक प्रॉपर्टी कारोबारी सह शिक्षक की गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। वारदात हरपुर भिंडी चौर के पास दर्जीनिया पुल के समीप उस समय हुई, जब मिर्जापुर गांव निवासी पलटन सहनी का 32 वर्षीय पुत्र गणेश सहनी कोचिंग संस्थान से बैठक कर बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान तीन बाइकों पर सवार बदमाशों ने उसे चारों ओर से घेर लिया और बेहद नजदीक से ताबड़तोड़ गोलियां दाग दीं, जिसमें एक दर्जन से अधिक राउंड फायरिंग की गई और गणेश सहनी की मौके पर ही मौत हो गई। गणेश जमीन कारोबार से जुड़ा हुआ था और निजी स्कूल व कोचिंग संस्थान में शिक्षक के रूप में कार्यरत था, वहीं ग्रामीणों के अनुसार वह वकालत की प्रैक्टिस भी करता था। हत्या के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग जुट गए। प्रारंभिक जांच में जमीन से जुड़े पुराने विवाद को इस हत्याकांड की वजह माना जा रहा है, बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले मृतक का एक व्यक्ति से गंभीर विवाद हुआ था, जिसे लेकर पंचायत भी बैठी थी। घटना की सूचना मिलते ही आक्रोशित परिजन और ग्रामीणों ने शव को गांधी चौक के पास एनएच-28 पर रखकर समस्तीपुर-मुजफ्फरपुर-पटना मुख्य मार्ग को जाम कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और घंटों यातायात ठप रहा। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने मृतक के आश्रितों को मुआवजा देने और हत्या में शामिल अपराधियों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग की। सूचना पर ताजपुर थाने के साथ आसपास के थानों की पुलिस बल मौके पर पहुंची, वहीं सदर एसडीपीओ-1 संजय कुमार पांडेय ने लोगों से बातचीत कर निष्पक्ष जांच और जल्द गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया, जिसके बाद जाम हटाया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। घटनास्थल से बड़ी संख्या में खोखे बरामद किए गए हैं, जिससे हमले की क्रूरता का अंदाजा लगाया जा रहा है। इधर समस्तीपुर एसपी कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि 08 फरवरी 2026 को ताजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत हरपुर भिंडी में गोली मारकर हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और मृतक की पहचान गणेश सहनी के रूप में की गई। मामले की जांच सभी पहलुओं पर की जा रही है, डीआईयू एवं एफएसएल टीम को जांच में लगाया गया है तथा अपर पुलिस अधीक्षक-सह-अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-01 के नेतृत्व में विधिसम्मत अग्रतर कार्रवाई जारी है। गौरतलब है कि,ताजपुर में दिनदहाड़े प्रॉपर्टी डीलर सह शिक्षक की हत्या ने एक बार फिर सवाल खड़ा कर दिया है कि अपराधियों के हौसले इतने बुलंद क्यों हैं। जिस तरह सार्वजनिक जगह पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर एक युवक की जान ली गई, वह न केवल कानून-व्यवस्था की कमजोरी दिखाता है बल्कि आम लोगों की सुरक्षा पर भी चिंता बढ़ाता है। जमीन विवाद जैसे मामलों में बढ़ती हिंसा यह संकेत देती है कि विवाद निपटारे की वैधानिक प्रक्रिया पर से भरोसा कम हो रहा है। अब जरूरी है कि पुलिस त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई कर दोषियों को जल्द से जल्द सलाखों के पीछे पहुंचाए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिले और समाज में यह संदेश जाए कि कानून से ऊपर कोई नहीं।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *