:
Breaking News

गांधी मैदान के पास पटना हाट, राजधानी में नया सांस्कृतिक और पर्यटन केंद्र

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

गांधी मैदान के पास पटना को जल्द ही एक नया सांस्कृतिक और पर्यटन केंद्र मिलने वाला है। मधुबनी के मिथिला हाट की तर्ज पर विकसित होने जा रहा यह तीन मंजिला 'पटना हाट' राजधानी के पारंपरिक कला, हस्तशिल्प और महिला उद्यमिता को बढ़ावा देगा। परियोजना के लिए करीब 48.96 करोड़ रुपये का निवेश किया जा रहा है। इस हाट के निर्माण के लिए पहले एकता भवन को हटाया जा रहा है, जहां एसटीएफ जवानों के रहने की व्यवस्था थी। परिसर खाली होते ही निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा और इसे पूरा होने में लगभग दो साल का समय लगेगा। बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम लिमिटेड इस महत्वाकांक्षी परियोजना को क्रियान्वित कर रहा है।
पटना हाट का उद्देश्य न सिर्फ हस्तशिल्प को नया बाजार देना है, बल्कि राजधानी की पहचान को एक नया आयाम भी प्रदान करना है। महिला उद्यमियों को स्थायी मंच मिलेगा, जहां वे मधुबनी पेंटिंग, भागलपुर की मंजूषा कला, पटना की टिकुली और सिक्की शिल्प जैसी पारंपरिक कलाओं का प्रदर्शन और बिक्री कर सकेंगी। इसके अलावा समस्तीपुर के बांस-बैत शिल्प, दरभंगा की मिट्टी और चीनी मिट्टी की कलाएं, मुजफ्फरपुर की सुजनी कढ़ाई, गया का पत्थर शिल्प और नालंदा की बूटी कला भी यहां प्रदर्शित की जाएंगी।
यह हाट सिर्फ खरीदारी तक सीमित नहीं रहेगा। परिसर में अंडरग्राउंड और सर्फेस पार्किंग, रेस्टोरेंट, बच्चों और युवाओं के लिए गेम जोन जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी, ताकि यह परिवारों और पर्यटकों के लिए आकर्षक केंद्र बन सके। पटना हाट का सीधा जुड़ाव कलेक्ट्रेट घाट से दीघा तक बने गंगा रिवर फ्रंट और जेपी गंगा पथ समग्र उद्यान परियोजना से होगा। आसपास हरित क्षेत्र, पार्क और खेल मैदान विकसित किए जाएंगे, जिससे यहां चहल-पहल और पर्यटकों की आवाजाही बढ़ेगी।
विशेषज्ञों का कहना है कि पटना हाट न सिर्फ राजधानी के पर्यटन और सांस्कृतिक परिदृश्य को नया रूप देगा, बल्कि स्थानीय कारीगरों और महिला उद्यमियों के लिए स्थायी रोजगार और आर्थिक अवसर भी उत्पन्न करेगा। यह परियोजना पटना को आधुनिक सुविधाओं से लैस सांस्कृतिक केंद्र और राष्ट्रीय स्तर का पर्यटन स्थल बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम साबित होगी।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *