:
Breaking News

पांच महीने बाद गंगा में लौटेगा पटना रिवर क्रूज, मार्च से फिर शुरू होगा जल पर्यटन

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

पांच महीने की खामोशी के बाद गंगा की लहरों पर एक बार फिर सैर-सपाटे की रौनक लौटने वाली है। लगभग 50 लाख रुपये की मरम्मत और तकनीकी जांच पूरी होने के बाद पटना का रिवर क्रूज मार्च के पहले सप्ताह से दोबारा पर्यटकों के लिए शुरू किया जाएगा। बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम द्वारा संचालित रो-पैक्स वैसेल क्रूज फिलहाल कोलकाता के ड्राइ डॉक सेंटर में था, जहां इसकी संरचनात्मक मजबूती, इंजन और नेविगेशन सिस्टम की व्यापक जांच और मरम्मत की गई। सभी सुरक्षा मानकों पर खरा उतरने के बाद क्रूज को पटना के लिए रवाना किया जा रहा है, जिसके फरवरी के अंत तक दीघा घाट पहुंचने की संभावना है।
पर्यटन निगम के अधिकारियों के अनुसार, हर पांच वर्ष में जलयान की ड्राइ डॉकिंग अनिवार्य होती है, ताकि यात्रियों की सुरक्षा और संचालन की विश्वसनीयता बनी रहे। इसी प्रक्रिया के तहत क्रूज को कोलकाता भेजा गया था। लंबे अंतराल के दौरान क्रूज के तकनीकी ढांचे को और मजबूत किया गया है, जिससे अब यह पहले से अधिक सुरक्षित और सुचारु रूप से संचालित हो सकेगा।
एमवी स्वामी परमहंस नामक यह क्रूज केंद्र सरकार द्वारा बिहार को पर्यटन विकास के उद्देश्य से प्रदान किया गया था। 22 अगस्त 2023 को पर्यटन विभाग और भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण के बीच हुए समझौते के बाद पटना में रिवर क्रूज पर्यटन की शुरुआत हुई थी। देखते ही देखते यह क्रूज पटना की पहचान का हिस्सा बन गया और गंगा दर्शन का नया अनुभव देने लगा।
करीब 300 यात्रियों की क्षमता वाला यह क्रूज दीघा घाट से चलकर मीनार घाट समेत पटना के प्रमुख घाटों का भ्रमण करता है और जेपी सेतु पार कर वापस लौटता है। लगभग 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाला यह जलयान यात्रियों को करीब 45 मिनट का रोमांचक सफर कराता है, जिसमें गंगा के बीच से राजधानी का ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक दृश्य एक अलग ही नजरिए से देखने को मिलता है।
आम यात्रियों के लिए 45 मिनट की क्रूज यात्रा का किराया 250 रुपये रखा गया है, जबकि निजी कार्यक्रमों और आयोजनों के लिए विशेष पैकेज बुकिंग की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। एक घंटे का पैकेज 30 हजार रुपये से शुरू होकर आठ घंटे के लिए 1.50 लाख रुपये तक तय किया गया है। पर्यटन विभाग को उम्मीद है कि रिवर क्रूज की वापसी से पटना में पर्यटन गतिविधियों को नई रफ्तार मिलेगी और गंगा आधारित पर्यटन को फिर से मजबूती मिलेगी।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *