:
Breaking News

नवंबर में शुरू होगा दरभंगा एयरपोर्ट का नया टर्मिनल, सालाना 23 लाख यात्रियों को मिलेगी सुविधा

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

दरभंगा एयरपोर्ट को आधुनिक रूप देने की दिशा में बन रहा नया टर्मिनल भवन अब नवंबर तक पूरी तरह तैयार होकर चालू हो जाएगा। पहले इसे जुलाई महीने में शुरू करने की योजना थी, लेकिन निर्माण कार्य में देरी के कारण अब समयसीमा बढ़ा दी गई है। नए टर्मिनल के चालू होते ही दरभंगा एयरपोर्ट की परिचालन क्षमता में बड़ा इजाफा होगा और यहां से हर साल करीब 23 लाख यात्री हवाई सफर कर सकेंगे।
एयरपोर्ट अथॉरिटी से जुड़े अधिकारियों के अनुसार, नए टर्मिनल भवन का कार्य अब तक लगभग 54 प्रतिशत पूरा हो चुका है। शेष 46 प्रतिशत काम को पूरा करने में करीब दस महीने का समय लगने का अनुमान है। निर्माण पूरा होते ही यह टर्मिनल पूरी तरह फंक्शनल हो जाएगा। इसके बाद दरभंगा एयरपोर्ट से विमानों के संचालन की क्षमता मौजूदा व्यवस्था की तुलना में लगभग चार गुना तक बढ़ जाएगी।
करीब 62,800 वर्गमीटर क्षेत्र में फैला यह नया टर्मिनल तीन मंजिला होगा। इसमें एक बेसमेंट और ऊपर दो मंजिलें होंगी। ग्राउंड फ्लोर पर यात्रियों के लिए अराइवल सेक्शन तैयार किया जा रहा है, जबकि फर्स्ट फ्लोर पर डिपार्चर एरिया होगा। एयरफोर्स स्टेशन के पास बने सिविल एनक्लेव परिसर में मल्टी लेवल पार्किंग, यात्री प्रतीक्षालय और अन्य आधुनिक सुविधाएं भी विकसित की जा रही हैं। पूरे प्रोजेक्ट पर लगभग 911 करोड़ रुपये की लागत आएगी।
दरभंगा एयरपोर्ट का रनवे भी इसकी बड़ी ताकत बनकर उभरा है। 2743 मीटर लंबा एयरफोर्स रनवे बोइंग और एयरबस जैसे बड़े विमानों के टेकऑफ और लैंडिंग के लिए पूरी तरह अनुकूल है। रनवे की री-कार्पेटिंग कर उस पर नई कोलतार की परत बिछाई गई है, जिससे ग्रिप बेहतर हुई है और विमानों की ब्रेकिंग क्षमता और सुरक्षित हो गई है। यही वजह है कि तकनीकी दृष्टि से यहां विमानों की लैंडिंग पटना की तुलना में अधिक सुगम मानी जाती है।
नए टर्मिनल के साथ एप्रन की क्षमता भी बढ़ाई जा रही है। निर्माण पूरा होने के बाद यहां एक साथ सात विमान खड़े हो सकेंगे, जिसके लिए सात नए पार्किंग-बे बनाए जा रहे हैं। फिलहाल एयरपोर्ट पर केवल दो पार्किंग-बे उपलब्ध हैं। नई व्यवस्था लागू होने के बाद यहां से संचालित होने वाली उड़ानों की संख्या 16 से बढ़कर 64 तक पहुंच सकती है। यात्रियों की संख्या में तेज बढ़ोतरी के कारण दरभंगा एयरपोर्ट को देश के सबसे तेजी से विकसित हो रहे एयरपोर्ट्स में गिना जा रहा है।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *