:
Breaking News

बजट सत्र में विपक्ष का तीखा हमला, पप्पू यादव की गिरफ्तारी और दरभंगा कांड पर सरकार घिरी

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

बिहार विधानसभा के बजट सत्र के दौरान गुरुवार को सदन के अंदर और बाहर राजनीतिक माहौल पूरी तरह गरमा गया। सांसद पप्पू यादव की गिरफ्तारी और दरभंगा में छह वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म व हत्या के मामले को लेकर विपक्ष ने सरकार पर सीधा हमला बोला। कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी दलों के विधायक हंगामे पर उतर आए और राज्य में कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार से जवाब मांगने लगे।
सदन के बाहर राजद और कांग्रेस के विधायकों ने प्रदर्शन किया। हाथों में पोस्टर लिए राजद विधायक सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते नजर आए। पोस्टरों पर लिखा था—“रेप, हत्या, किडनैपिंग कब रुकेगी, कानून है पर डर नहीं, जवाब दो सरकार।” विपक्ष का आरोप था कि बिहार में अपराध बेलगाम हो चुका है और सरकार पूरी तरह नियंत्रण खो चुकी है।
पप्पू यादव की गिरफ्तारी को लेकर कांग्रेस विधायकों ने इसे लोकतंत्र पर हमला बताया। कांग्रेस विधायक अभिषेक रंजन विशेष टी-शर्ट पहनकर सदन पहुंचे, जिस पर लिखा था—“आज जेल होई, काल बेल होई, परसों से वही खेल होई।” कांग्रेस विधायक मनोज विश्वास ने कहा कि पप्पू यादव न्याय की आवाज उठा रहे थे। नीट छात्रा के परिवार के साथ जंतर-मंतर पर धरना देने वाले नेता को अचानक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। सरकार डर की राजनीति कर रही है और जो भी न्याय की बात करेगा, उसे जेल भेजा जाएगा।
कांग्रेस विधायक कमरूल होदा ने गिरफ्तारी पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि बिहार में लोकतंत्र नहीं बल्कि राजतंत्र चल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि 31 साल पुराने मामले में रात के अंधेरे में सिविल ड्रेस में पुलिस भेजकर सांसद को उठाना सरकार की मंशा को उजागर करता है। उनका कहना था कि पप्पू यादव अदालत में पेश होने को तैयार थे, फिर भी पुलिसिया कार्रवाई की गई।
दरभंगा में मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म और हत्या के मामले ने भी सदन का माहौल और गरमा दिया। राजद के प्रधान महासचिव और विधायक रणविजय साहू ने कहा कि पिछले एक महीने में लगातार बच्चियों के साथ जघन्य अपराध हो रहे हैं। सरकार पूरी तरह विफल हो चुकी है और बिहार में डर का माहौल बन गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि जो नेता पीड़ितों के लिए आवाज उठा रहे हैं, उन्हें ही सलाखों के पीछे भेजा जा रहा है।
कांग्रेस विधायक कमरूल होदा ने पटना और दरभंगा की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार अपराधों पर पर्दा डालने की कोशिश कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि दुष्कर्म के आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और पुलिस-प्रशासन पर सरकार का कोई नियंत्रण नहीं रह गया है। विपक्ष ने साफ किया कि जब तक अपराध और अन्याय के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं होगी, तब तक सदन के अंदर और बाहर आंदोलन जारी रहेगा।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *