:
Breaking News

बम धमकी के चलते टली पप्पू यादव की जमानत पर सुनवाई, बेऊर जेल में ही रहेंगे सांसद

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव की जमानत याचिका पर सोमवार को होने वाली सुनवाई अचानक टाल दी गई। कारण बना पटना सिविल कोर्ट को ई-मेल के जरिए मिली बम से उड़ाने की गंभीर धमकी। इस घटनाक्रम के बाद फिलहाल सांसद को बेऊर जेल में ही रहना होगा। 31 साल पुराने मामले में गिरफ्तारी के बाद उनकी जमानत याचिका पर आज सुनवाई होनी थी, लेकिन सुरक्षा कारणों से न्यायिक कार्यवाही स्थगित कर दी गई।
जानकारी के अनुसार, पटना सिविल कोर्ट को आरडीएक्स से उड़ाने की धमकी भरा मेल मिला, जिसके बाद पूरे कोर्ट परिसर को तुरंत खाली करा लिया गया। जज, वकील, कर्मचारी और फरियादियों को बाहर निकालकर सुरक्षा घेरा कड़ा कर दिया गया। धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड की टीमों ने कोर्ट परिसर में सघन तलाशी अभियान चलाया। हालांकि जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है।
सिर्फ पटना ही नहीं, भागलपुर के व्यवहार न्यायालय और औरंगाबाद सिविल कोर्ट को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली, जिससे एक साथ तीन जिलों में हड़कंप मच गया। भागलपुर और औरंगाबाद में भी न्यायिक कार्य पूरी तरह ठप रही और वकीलों ने सुरक्षा को देखते हुए कामकाज बंद रखा। औरंगाबाद में जिला जज के सरकारी ई-मेल पर धमकी भरा संदेश मिलने की बात सामने आई है, जिसके बाद कोर्ट परिसर को खाली कर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया। एसडीपीओ अशोक कुमार दास ने बताया कि एसपी के निर्देश पर पूरे परिसर की बारीकी से जांच की जा रही है।
इन धमकियों के कारण पटना सिविल कोर्ट में पप्पू यादव की जमानत याचिका पर सुनवाई नहीं हो सकी। उल्लेखनीय है कि रविवार को तबीयत में सुधार के बाद उन्हें पीएमसीएच से बेऊर जेल शिफ्ट किया गया था। अब जमानत पर अगली सुनवाई की तारीख तय नहीं हो पाई है, जिस पर राजनीतिक और कानूनी हलकों की नजरें टिकी हुई हैं। सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि धमकी शरारती तत्वों की करतूत है या इसके पीछे कोई गहरी साजिश है, लेकिन तब तक कोर्ट परिसरों की सुरक्षा में कोई ढील नहीं दी जाएगी।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *