:
Breaking News

बिहार में मौसम स्थिर, 7 दिन का अलर्ट जारी, 6 जिलों में घने कोहरे की चेतावनी

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

बिहार में ठंड अब धीरे-धीरे विदाई के संकेत दे रही है, लेकिन सुबह के वक्त कोहरा अभी परेशानी बढ़ा सकता है। मौसम विभाग ने राज्य के मौसम को लेकर अगले सात दिनों की एडवाइजरी जारी की है, जिसमें किसी बड़े बदलाव की संभावना से इनकार किया गया है। हालांकि उत्तर बिहार के कुछ जिलों में घने कोहरे को लेकर सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग के अनुसार 10 फरवरी को पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, सुपौल और मधुबनी जिले के कई हिस्सों में सुबह के समय घना कोहरा छा सकता है। इसको लेकर इन छह जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। विभाग ने खासतौर पर वाहन चालकों से सावधानी बरतने की अपील की है, क्योंकि कोहरे के कारण दृश्यता काफी कम हो सकती है।
राज्य में फिलहाल ठंड का असर सीमित होता दिख रहा है। सुबह और शाम हल्की ठंड महसूस हो रही है, जबकि दोपहर में धूप निकलने के बाद गर्मी का एहसास भी होने लगा है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि 16 फरवरी तक न तो शीतलहर की संभावना है और न ही तापमान में किसी बड़े उतार-चढ़ाव के संकेत हैं।
विशेषज्ञों के मुताबिक कोहरे की मुख्य वजह ठंडी हवा, वातावरण में नमी और हवा की रफ्तार का कम होना है। रात के समय जमीन के ठंडा होने से हवा में नमी बढ़ जाती है, जिससे सूक्ष्म जलकण बनते हैं और कोहरा छा जाता है। इसके अलावा आसमान का साफ रहना और पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव भी कोहरे की स्थिति को मजबूत करता है।
पिछले 24 घंटों के तापमान पर नजर डालें तो राज्य के कई हिस्सों में मामूली बदलाव दर्ज किया गया है। वाल्मिकीनगर, जीरादेई, फारबिसगंज, पूर्णिया, किशनगंज, अगवानपुर, मुंगेर, बक्सर, सासाराम, अरवल, जहानाबाद, नालंदा, शेखपुरा, कैमूर, डेहरी और औरंगाबाद में तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई है। वहीं मोतिहारी, मुजफ्फरपुर, वैशाली, पटना, सुपौल, मधेपुरा, कटिहार, भागलपुर, सबौर और बांका में तापमान में आंशिक बढ़ोतरी देखी गई है।
राजधानी पटना की बात करें तो मौसम विभाग ने यहां किसी तरह की बड़ी चेतावनी जारी नहीं की है। सुबह और शाम हल्की ठंड बनी रहेगी, जबकि दोपहर के समय मौसम सामान्य रहने का अनुमान है। कुल मिलाकर बिहार में मौसम फिलहाल संतुलित बना हुआ है, लेकिन कोहरे को लेकर सतर्कता अभी भी जरूरी मानी जा रही है।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *