:
Breaking News

कानून-व्यवस्था पर सवाल, विधान परिषद में बहस की जगह टकराव, मगही टिप्पणियों से सियासत गरमाई

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

पटना। बिहार विधान परिषद की कार्यवाही सोमवार को शुरू होते ही कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर सत्ता और विपक्ष आमने-सामने आ गए। सवालों के जवाब की बजाय सदन में तीखी नोकझोंक और शोर-शराबा देखने को मिला। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की मगही भाषा में की गई टिप्पणियां सदन की दीवारों से बाहर निकलकर राजनीतिक हलकों में चर्चा का केंद्र बन गईं।
कार्यवाही शुरू होते ही विपक्ष की नेता राबड़ी देवी के नेतृत्व में आरजेडी की महिला विधान पार्षदों ने राज्य की कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। विपक्ष का आरोप था कि बिहार में अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं और सरकार हालात संभालने में नाकाम साबित हो रही है। नारेबाजी के चलते सदन की कार्यवाही बार-बार बाधित होने लगी।
लगातार शोर के बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपनी सीट से खड़े हुए और सभापति से हंगामा कर रहे सदस्यों पर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने विपक्ष पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि जिन लोगों ने वर्षों तक सत्ता संभाली, उन्होंने कुछ नहीं किया और आज सवाल खड़े कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि बीते दो दशकों में उनकी सरकार ने विकास के कई अहम काम किए हैं, जो सबके सामने हैं।
मुख्यमंत्री की मगही में कही गई बातों ने माहौल को और तनावपूर्ण बना दिया। उन्होंने विपक्ष की महिला सदस्यों की ओर इशारा करते हुए टिप्पणी की, जिस पर विपक्ष भड़क उठा और शोर और तेज हो गया। राबड़ी देवी पर की गई टिप्पणी को लेकर आरजेडी के सदस्य आक्रामक हो गए और सदन में व्यवस्था पूरी तरह बिगड़ती चली गई।
सभापति ने कई बार हस्तक्षेप कर विपक्ष से शांति बनाए रखने और मुख्यमंत्री की बात सुनने की अपील की, लेकिन नारेबाजी थमी नहीं। इसी दौरान आरजेडी के एक विधान पार्षद ने गृह मंत्री सम्राट चौधरी के खिलाफ भी नारे लगाए और उनके इस्तीफे की मांग रख दी।
हंगामे के बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार यह कहते रहे कि केंद्र सरकार के सहयोग से बिहार लगातार प्रगति कर रहा है और विकास कार्य जारी हैं। हालांकि विपक्ष कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार को घेरने पर अड़ा रहा। अंततः सदन में बहस की जगह टकराव हावी रहा और मगही में कही गई बातों ने बिहार की राजनीति को एक बार फिर गरमा दिया।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *