:
Breaking News

शराबबंदी की सख्ती पर सवाल, नशे में पकड़े गए प्रखंड प्रमुख, वीडियो ने खोली हकीकत

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

पूर्णिया। बिहार में शराबबंदी कानून को सरकार की सबसे सख्त नीतियों में गिना जाता है, लेकिन जब इसी कानून के पालन की जिम्मेदारी संभालने वाले जनप्रतिनिधि ही नशे की हालत में पकड़े जाएं, तो पूरी व्यवस्था पर सवाल खड़े होना लाज़मी है। पूर्णिया जिले के जलालगढ़ से सामने आया मामला यही संकेत देता है कि कागजों में सख्त कानून जमीनी हकीकत में कुछ लोगों के लिए अब भी मायने नहीं रखता।
जलालगढ़ प्रखंड प्रमुख निखिल किशोर उर्फ भिखारी यादव को शराब के नशे में गिरफ्तार किया गया है। बताया जा रहा है कि रविवार की शाम वह सार्वजनिक स्थान पर नशे की हालत में युवकों से उलझते और मारपीट करते पाए गए। इस दौरान का वीडियो भी सामने आया, जिसने पूरे मामले को और गंभीर बना दिया। वीडियो में साफ दिख रहा है कि प्रखंड प्रमुख नशे की हालत में संतुलन खो चुके हैं और विवाद बढ़ता जा रहा है।
मामले की सूचना जलालगढ़ के मुखिया प्रतिनिधि राजकुमार दास ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को हिरासत में लेकर पूर्णिया उत्पाद विभाग थाना ले गई। वहां की गई जांच में प्रखंड प्रमुख के शरीर में अल्कोहल की मात्रा अत्यधिक पाई गई, जबकि मुखिया प्रतिनिधि पूरी तरह सामान्य पाए गए। जांच के बाद प्रखंड प्रमुख को जलालगढ़ थाना भेज दिया गया।
मुखिया प्रतिनिधि के अनुसार, यह पहली बार नहीं है जब प्रखंड प्रमुख को लेकर ऐसा मामला सामने आया हो। इससे पहले भी उनका एक वीडियो वायरल हो चुका है, जिसमें वह शराब पीते हुए ग्रामीणों से विवाद करते नजर आए थे। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों ने उनकी कार्यशैली और जिम्मेदारी पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
यह घटना केवल एक व्यक्ति की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है, बल्कि यह उस नैतिक जिम्मेदारी को भी कटघरे में खड़ा करती है, जो जनप्रतिनिधियों के कंधों पर होती है। जब पंचायत स्तर का एक बड़ा प्रतिनिधि ही खुलेआम शराबबंदी कानून का उल्लंघन करता नजर आए, तो आम लोगों से नियमों के पालन की उम्मीद करना कितना जायज़ है, यह सवाल अब पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बन गया है।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *