:
Breaking News

जहानाबाद में पुलिस का ‘ऑपरेशन क्लीन’: 3 दिन में 110 अपराधी गिरफ्तार, वारंटियों पर कसा शिकंजा

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

जहानाबाद। जिले में अपराध के खिलाफ सख्त संदेश देते हुए पुलिस ने बड़ा और व्यापक अभियान चलाकर महज तीन दिनों में हत्या, लूट, डकैती और आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर मामलों में वांछित 110 अपराधियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। पुलिस अधीक्षक अपराजित लोहान के नेतृत्व में चलाए गए इस विशेष ऑपरेशन ने अपराधियों के बीच जबरदस्त खौफ पैदा कर दिया है।
पुलिस मुख्यालय से मिले निर्देश के बाद जिलेभर में एक साथ योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी अभियान शुरू किया गया। गुप्त सूचनाओं के आधार पर अलग-अलग थाना क्षेत्रों में लगातार दबिश दी गई, जिसके परिणामस्वरूप बड़ी संख्या में लंबे समय से फरार अपराधी पुलिस के हत्थे चढ़ गए। इस कार्रवाई की खास बात यह रही कि कुल गिरफ्तारियों में से 104 गिरफ्तारी महज 48 घंटे के भीतर की गई, जो पुलिस की तेज और सटीक रणनीति को दर्शाता है।
एसपी अपराजित लोहान ने बताया कि इस अभियान का मुख्य लक्ष्य पुराने वारंटियों और फरार अभियुक्तों को पकड़ना था। पुलिस ने कुल 312 वारंटों का निष्पादन किया, जिनमें 267 गैर-जमानती वारंट शामिल थे। इसके अलावा वर्षों से फरार दो लाल वारंटियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया, जिन्हें पकड़ना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ था।
अभियान के दौरान छह फरार अभियुक्तों के खिलाफ कुर्की-जब्ती की कार्रवाई करते हुए उनकी संपत्ति जब्त की गई। पुलिस ने यह स्पष्ट संकेत दिया है कि फरार रहने वाले अपराधियों को अब किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
कार्रवाई के दौरान पुलिस को अन्य मामलों में भी सफलता मिली। मखदुमपुर थाना क्षेत्र के किशनपुर से चोरी की बाइक, अमरपुर गांव से चोरी का टेंपो तथा एक अन्य चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई। साथ ही चार अपहृत महिलाओं को सकुशल बरामद कर पुलिस ने राहत पहुंचाई।
नगर थाना, शकूराबाद, टेहटा, घोसी सहित जिले के सभी थाना क्षेत्रों की पुलिस टीमों ने इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाई। एसपी ने दो टूक कहा कि जिले में अपराधियों के लिए कोई सुरक्षित ठिकाना नहीं बचेगा और आगे भी इसी तरह के विशेष अभियान लगातार चलाए जाएंगे।
पुलिस की इस सख्त कार्रवाई के बाद जहां अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है, वहीं आम लोगों के बीच सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है और पुलिस की सक्रियता की चर्चा पूरे जिले में हो रही है।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *