:
Breaking News

मोतिहारी में मातम में बदली शादी की खुशियां: पेड़ से टकराई स्कॉर्पियो, पिता समेत तीन की दर्दनाक मौत

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

मोतिहारी। पूर्वी चंपारण जिले में देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे ने खुशियों के माहौल को पलभर में मातम में बदल दिया। घोड़ासहन थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो के पेड़ से टकराने से पिता समेत तीन लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि वाहन चालक दुर्घटना के बाद फरार हो गया।
घटना घोड़ासहन-ढाका मुख्य मार्ग पर महादेवा मसान चौक के समीप देर रात करीब 12 बजे हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्कॉर्पियो अत्यधिक गति में थी और अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक बड़े पेड़ से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और उसमें सवार तीनों लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान राजेपुर थाना क्षेत्र के एक ही गांव निवासी 55 वर्षीय विनोद प्रसाद, उनके चचेरे भाई 35 वर्षीय अनिल प्रसाद तथा 40 वर्षीय उपमुखिया गजेंद्र दास के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तीनों लोग पकड़ीदयाल क्षेत्र में आयोजित विवाह समारोह में शामिल होने जा रहे थे। विनोद प्रसाद के बेटे की शादी सिरहा गांव में तय थी और उसी कार्यक्रम में भाग लेने के लिए वे निकले थे।
स्थानीय लोगों के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो पेड़ से टकराने के बाद उछल गई। दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक तीनों की मौत हो चुकी थी। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही घोड़ासहन थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र भेजा, जहां से पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी सदर अस्पताल भेज दिया गया। प्रारंभिक जांच में चालक के नशे में होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस फरार चालक की तलाश में जुट गई है और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। इधर, एक ही गांव के तीन लोगों की मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है, जबकि जिस परिवार में शादी की तैयारी चल रही थी, वहां चीख-पुकार और मातम का माहौल है।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *