:
Breaking News

बजट सत्र के आठवें दिन कानून-व्यवस्था पर घमासान: राबड़ी देवी के नेतृत्व में परिषद गेट पर RJD का प्रदर्शन, सरकार को बताया “बहरी”

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

पटना: बिहार विधानमंडल के बजट सत्र का आठवां दिन गुरुवार को कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर जबरदस्त राजनीतिक टकराव के साथ शुरू हुआ। सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले ही विपक्ष ने बढ़ते अपराध, महिलाओं के खिलाफ हिंसा और हालिया नीट छात्रा हत्याकांड को लेकर सरकार को घेरते हुए जोरदार प्रदर्शन किया। विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी की अगुवाई में RJD विधान पार्षदों ने मुख्य द्वार पर जुटकर सरकार विरोधी नारे लगाए और कानून-व्यवस्था पर जवाब की मांग की। प्रदर्शन के दौरान राबड़ी देवी ने सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि राज्य में लगातार बच्चियों और महिलाओं के साथ अपराध की घटनाएं बढ़ रही हैं, लेकिन सरकार सदन में इस गंभीर विषय पर चुप्पी साधे हुए है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार “बहरी” हो चुकी है और जनता की पीड़ा सुनने को तैयार नहीं है। राबड़ी देवी ने कहा कि हम लोग जनता की आवाज उठाने के लिए सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष कर रहे हैं और जब तक सरकार महिलाओं की सुरक्षा पर स्पष्ट जवाब नहीं देती, तब तक विरोध जारी रहेगा। उन्होंने यह भी कहा कि हर क्षेत्र में बिहार पिछड़ता जा रहा है, अपराध का ग्राफ लगातार ऊपर जा रहा है, लेकिन सरकार संवेदनहीन बनी हुई है। इधर, विधानसभा के भीतर भी विपक्ष ने कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर जोरदार हंगामा किया, जिससे सदन का माहौल गर्म बना रहा। राजनीतिक हलकों में एक और चर्चा यह रही कि जहां परिषद में राबड़ी देवी लगातार सक्रिय नजर आईं, वहीं विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव के बाद से कार्यवाही में शामिल नहीं हो रहे हैं, जिसे लेकर सत्ता पक्ष भी सवाल उठा रहा है। कुल मिलाकर बजट सत्र का यह दिन सरकार-विपक्ष के बीच कानून-व्यवस्था को लेकर तीखी नोकझोंक, प्रदर्शन और राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के नाम रहा, जिससे साफ संकेत मिला कि आने वाले दिनों में यह मुद्दा सदन की राजनीति का सबसे बड़ा केंद्र बनने वाला है।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *