:
Breaking News

महाशिवरात्रि को लेकर कुशेश्वरस्थान मंदिर में हाई अलर्ट, डीआईजी-डीएम-एसएसपी ने किया संयुक्त निरीक्षण

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

दरभंगा। आगामी महाशिवरात्रि (15 फरवरी 2026) के अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी क्रम में पुलिस उप-महानिरीक्षक, मिथिला क्षेत्र मनोज तिवारी, जिलाधिकारी दरभंगा कौशल कुमार एवं वरीय पुलिस अधीक्षक जगरनाथ रेड्डी जला रेड्डी ने गुरुवार को कुशेश्वरस्थान थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध बाबा कुशेश्वरस्थान मंदिर पहुंचकर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का संयुक्त निरीक्षण किया। अधिकारियों के मंदिर परिसर पहुंचते ही सुरक्षा व्यवस्था की गहन समीक्षा की गई और हर बिंदु पर विस्तृत चर्चा की गई।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मंदिर परिसर, प्रवेश एवं निकास मार्ग, भीड़ नियंत्रण व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पार्किंग, प्रकाश व्यवस्था तथा सीसीटीवी निगरानी की स्थिति का बारीकी से जायजा लिया। इस दौरान पूजा समिति के सदस्यों के साथ बैठक कर महाशिवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे और किसी भी स्थिति में अव्यवस्था या अफरातफरी की नौबत नहीं आने दी जाए।
डीआईजी मनोज तिवारी ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कड़े निर्देश देते हुए कहा कि मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाए, साथ ही संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाए। उन्होंने कहा कि भीड़ नियंत्रण के लिए चरणबद्ध प्रवेश व्यवस्था लागू की जाए तथा महिला, बुजुर्ग और दिव्यांग श्रद्धालुओं के लिए अलग व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी कौशल कुमार ने प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा करते हुए अनुमंडल पदाधिकारी बिरौल, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बिरौल तथा कुशेश्वरस्थान थाना अध्यक्ष को साफ-सफाई, पेयजल, स्वास्थ्य शिविर, प्रकाश व्यवस्था और यातायात नियंत्रण के लिए ठोस व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें।
वरीय पुलिस अधीक्षक जगरनाथ रेड्डी जला रेड्डी ने कहा कि महाशिवरात्रि के अवसर पर लाखों श्रद्धालुओं के आने की संभावना है, इसलिए सुरक्षा के हर पहलू पर विशेष सतर्कता बरती जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में नियमित गश्ती, ड्रोन निगरानी तथा नियंत्रण कक्ष की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तत्काल निपटा जा सके।
निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि महाशिवरात्रि पर्व को पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारी की जा रही है और सभी संबंधित विभागों को जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से भी अपील की है कि वे निर्धारित नियमों का पालन करें और व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *