:
Breaking News

पटना फुलवारी शरीफ में हॉस्टल छात्रा की संदिग्ध मौत, पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

पटना। राजधानी पटना के फुलवारी शरीफ थाना क्षेत्र में एक 12वीं की छात्रा की संदिग्ध मौत ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। जानकारी के अनुसार, छात्रा फुलवारी शरीफ स्थित एक निजी कोचिंग संस्थान के हॉस्टल की चौथी मंजिल से गिर गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की गंभीरता और शरीर पर मिले चोट के निशानों के कारण परिवार ने इसे केवल हादसा नहीं बल्कि हत्या करार दिया है। मृतका मूल रूप से जानीपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली बताई जा रही है। परिजनों ने बताया कि छात्रा गुरुवार सुबह लगभग 8 बजे घर से कोचिंग के लिए निकली थी। थोड़ी देर बाद कोचिंग संचालक ने परिजनों को फोन कर बताया कि छात्रा की तबीयत अचानक बिगड़ गई और उसे अस्पताल ले जाया जा रहा है। परिजन जैसे ही एम्स अस्पताल पहुंचे, तब तक छात्रा की मौत हो चुकी थी। शव को घर लाने के बाद परिजनों ने देखा कि शरीर पर कई चोट के निशान मौजूद थे, जिससे मामला और संदिग्ध हो गया। इसके बाद परिवार ने शव को दोबारा पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा और आरोप लगाया कि छात्रा के साथ गलत व्यवहार के बाद उसकी हत्या की गई है। पुलिस को घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज भी मिले हैं, जिनमें दो युवकों की गतिविधियां संदिग्ध बताई जा रही हैं। पुलिस ने फिलहाल इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है और सभी तकनीकी साक्ष्यों की पड़ताल में जुटी है। फुलवारी शरीफ पुलिस का कहना है कि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी जांच के आधार पर ही स्पष्ट होगी। परिजन आरोप लगा रहे हैं कि सच्चाई छिपाने की कोशिश की जा रही है और उन्होंने निष्पक्ष जांच की मांग की है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया है, जबकि पुलिस हर पहलू से मामले की गहन जांच कर रही है ताकि छात्रा की मौत की असली वजह सामने आ सके। सिटी एसपी भानु प्रताप सिंह ने बताया कि मामले की जांच फुलवारी शरीफ डीएसपी वन सुशील कुमार के नेतृत्व में गठित टीम कर रही है। टीम सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है और घटना से जुड़े हर बिंदु की जांच कर रही है। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है, लेकिन तीन लोगों को पूछताछ के लिए थाने लाया गया है, जिनमें कारपेंटर और गार्ड शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि जल्दबाजी में कोई निष्कर्ष नहीं निकालना चाहिए और मामले की पूरी छानबीन के बाद ही आगे कार्रवाई की जाएगी।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *