:
Breaking News

लग्न सीजन में ज्वेलरी दुकान पर धावा: दीवार तोड़कर लाखों के गहने उड़ाए, सीसीटीवी डीवीआर भी ले गए चोर

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

पटना जिले के रानीतालाब थाना क्षेत्र में अपराधियों ने एक बार फिर पुलिस गश्ती व्यवस्था को चुनौती देते हुए ज्वेलरी दुकान को निशाना बनाया। पतुत चौक के पास स्थित एक आभूषण दुकान में शुक्रवार देर रात सुनियोजित तरीके से सेंधमारी कर चोर लाखों रुपये के सोने-चांदी के गहने लेकर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके के व्यापारियों में दहशत का माहौल बन गया है।
जानकारी के अनुसार, बदमाशों ने दुकान के पिछले हिस्से को निशाना बनाया। उन्होंने पहले दीवार को तोड़ा और फिर उसी रास्ते से अंदर प्रवेश कर पूरी दुकान खंगाल डाली। दुकान के अंदर रखे चांदी के पायल, बिछिया, सिकड़ी, अंगूठी, रिंग के अलावा सोने की अंगूठी, चेन, बाली, नथिया सहित कई कीमती आभूषण गायब पाए गए।
दुकान संचालक रजनीश कुमार ने बताया कि वे रोज की तरह शुक्रवार शाम दुकान बंद कर घर चले गए थे। शनिवार सुबह स्थानीय लोगों ने पीछे की दीवार टूटी होने की सूचना दी। जब दुकान खोली गई तो अंदर का पूरा सामान अस्त-व्यस्त मिला और तिजोरियों के ताले टूटे हुए थे। उन्होंने बताया कि शादी-विवाह के मौसम के कारण ग्राहकों के कई विशेष ऑर्डर के गहने भी दुकान में रखे थे, जिन्हें भी चोर अपने साथ ले गए।
चोरी की घटना को अंजाम देने के बाद अपराधियों ने अपनी पहचान छिपाने के लिए दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी निकालकर साथ ले लिया। इससे पुलिस को जांच में शुरुआती स्तर पर तकनीकी मदद मिलने में कठिनाई हो सकती है।
घटना की सूचना मिलते ही रानीतालाब थाना पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा संभावित संदिग्धों पर नजर रखी जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही अपराधियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।
इस वारदात के बाद स्थानीय बाजार के दुकानदारों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। व्यापारियों ने रात में पुलिस गश्त बढ़ाने और संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था करने की मांग उठाई है।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *